बृजभूषण बोले-राजा भैया का दबदबा पहले भी था,आज भी है:आगे भी रहेगा, प्रतापगढ़ में सनातन का मेला लगा है
प्रतापगढ़ के कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की ओर से बेंती राजभवन में आयोजित तीन दिवसीय श्रीराम कथा में बुधवार को देश की कई प्रमुख हस्तियां पहुंचीं। योग गुरु बाबा रामदेव हेलीकॉप्टर से बेंती पहुंचे। वहीं, भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, झारखंड के देवघर से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और अयोध्या के गोसाईगंज विधायक अभय सिंह ने भी कथा में शिरकत की। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा- यहां उमड़ी भारी भीड़ को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मानो सनातन का कोई बड़ा मेला लगा हो। बाबा रामदेव बोले- राजा भैया सनातन के गौरव बाबा रामदेव ने कहा कि राजा भैया सनातन के गौरव हैं। स्वभाव से पूरी तरह सनातनी हैं। राजा भैया के जींस में भगवान राम, भगवान कृष्ण और हमारे ऋषियों का जो शौर्य व वीरता है। वह यहां के जन-जन में दिखाई देती है। जब इस श्रीराम कथा का आयोजन हुआ, तो भैयाजी ने मुझे पधारने का निमंत्रण दिया। यहां आकर और राजा भैया का प्रेम देखकर उन्हें अत्यंत हर्ष और गौरव की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि रामकथा के आयोजन पर राजा भैया ने उन्हें आमंत्रित किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार किया। यहां आकर उन्हें हर्ष और गौरव की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि सनातन की एकजुटता बनी रहनी चाहिए। लोग आपस में बंटें नहीं और अपने सनातन तथा राष्ट्रधर्म को मजबूत करें। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि राजा भैया और उनके पिता का दबदबा पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा। उन्होंने कहा कि यहां उमड़ी भारी भीड़ को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मानो सनातन का कोई बड़ा मेला लगा हो। सनातन किसी की दया पर निर्भर नहीं था। यह हमेशा था, आज भी है और आगे भी रहेगा। निशिकांत दुबे ने अखिलेश यादव को दी चुनौती झारखंड के देवघर से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भी कथा में पहुंचकर राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने राजा भैया का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने इतनी बड़ी रामकथा का आयोजन कराया है। इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह सचमुच भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं तो सपरिवार मथुरा चलें। उन्होंने कहा कि मथुरा में कृष्ण जन्मस्थान मुगलों के कब्जे में था और उसकी मुक्ति के लिए कारसेवा की आवश्यकता है। जिस तरह राम मंदिर बना, उसी तरह कृष्ण जन्मस्थान की मुक्ति के लिए भी सामूहिक प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम राम और कृष्ण, दोनों के भक्त हैं। अभय सिंह बोले- कथा में शामिल हैं करीब 500 पाकिस्तानी हिंदू अयोध्या के गोसाईगंज विधायक अभय सिंह भी राजा भैया की रामकथा में पहुंचे। उन्होंने कहा कि राजा भैया ने भव्य रामकथा का आयोजन कराया है। कथा में पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में हिंदुओं को प्रताड़ित किया जा रहा है, लेकिन तमाम कष्ट सहने के बावजूद वे अपना धर्म नहीं छोड़ रहे हैं। अगर वे कलमा पढ़ लें तो उनकी सारी समस्याएं समाप्त हो सकती हैं, लेकिन वे हिंदू बने हुए हैं। अभय सिंह ने दावा किया कि राजा भैया की कथा में करीब 500 पाकिस्तानी हिंदू शामिल होकर रामकथा सुन रहे हैं। सपा की ओर से रामकथा के विरोध पर उन्होंने कहा कि राक्षस और दानव ऐसे ही होते हैं। रामकथा रोकने की बात करना गलत और असहनीय है। देश का कोई भी व्यक्ति इसे सहन नहीं करेगा। बता दें कि कुंडा के बेंती राजभवन स्थित परेड ग्राउंड में राजा भैया की ओर से तीन दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन कराया जा रहा है। कथा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री प्रवचन कर रहे हैं। इसमें देशभर से संतों, राजनेताओं और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। ------------------------- ये भी पढ़ें… धीरेंद्र शास्त्री बोले- चलो मथुरा की ओर, लगा दो जोर:अब राक्षस यज्ञ में हड्डियां नहीं, पोस्ट डालते हैं; 1 लाख ने सुनी कथा प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक राजा भैया के बेंती राजभवन में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रीराम कथा कही। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरे हिंदू भाई आपस में लड़ न जाएं, इसलिए मैंने क्षमा मांगी थी। मैं बहुत जल्द वृंदावन जाऊंगा। चलो मथुरा की ओर, लगा दो एक और जोर। धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनने बड़ी संख्या में सांसद-विधायक और मंत्री पहुंचे। करीब 80 हजार लोग पंडाल के अंदर रहे, जबकि 20 हजार लोगों ने बाहर से कथा सुनी। पढ़ें पूरी खबर…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)