सगे भाइयों ने बांके से की थी भाई की हत्या:सीतापुर में 24 घंटे पहले घर के बंटवारे को लेकर हुआ था विवाद, बांका बरामद, दो भाई गिरफ्तार
सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदुआ मजरा रघुनाथपुर में बीते गुरुवार सुबह सगे भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को शुक्रवार देर शाम गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घर के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने अपने सगे भाई झपेटे पर धारदार लोहे के बांके से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गांव में कोमल के खेत पर बनी झोपड़ी के पास से गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का बांका भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को ग्राम तेंदुआ मजरा रघुनाथपुर में झपेटे पुत्र भगौती का शव सड़क किनारे बरामद हुआ था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मृतक की पत्नी सीता की लिखित तहरीर के आधार पर संदना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस ने हत्या की धाराओं में कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पूछताछ में सामने आया कि घर के बंटवारे को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट की स्थिति बन गई। आरोप है कि इसी विवाद के बीच कोमल और नन्दराम ने अपने सगे भाई झपेटे पर लोहे के बांके से प्रहार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में वांछित कोमल पुत्र भगौती और नन्दराम पुत्र भगौती, निवासी ग्राम तेंदुआ मजरा रघुनाथपुर को गिरफ्तार कर लिया। कोमल की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार लोहे का बांका बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में संदना थानाध्यक्ष प्रिन्स सोनकर, कांस्टेबल शिव महेन्द्र, दीपक चाहर और गौरव कुमार शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)