पीईटी अभ्यर्थियों के लिए स्पेशल ट्रेन:25 और 30 अक्टूबर और 1 नवंबर से बरेली-मथुरा के बीच चलेगी, बदायूं स्टेशन पर सुबह 5 बजे पहुंचेगी
बदायूं में PET-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को रेलवे ने राहत दी है। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बरेली से मथुरा कैंट के बीच अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को तीन फेरों में संचालित होगी। ट्रेन के बदायूं स्टेशन पर सुबह 5 बजे पहुंचने से जिले के अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए मथुरा जाने में सहूलियत मिलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुताबिक, ट्रेन संख्या 05310 बरेली-मथुरा कैंट अनारक्षित परीक्षा विशेष गाड़ी निर्धारित तिथियों पर बरेली से सुबह 4 बजे रवाना होगी। यह सुबह 5 बजे बदायूं, 6:10 बजे कासगंज और 7:22 बजे हाथरस सिटी पहुंचेगी। यहां से रवाना होकर ट्रेन सुबह 8:30 बजे मथुरा कैंट पहुंचेगी। इससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। वापसी में रात 11 बजे पहुंचेगी बरेली वापसी में ट्रेन संख्या 05309 मथुरा कैंट-बरेली अनारक्षित परीक्षा विशेष गाड़ी उसी दिन शाम 6:10 बजे मथुरा कैंट से रवाना होगी। यह शाम 7:12 बजे हाथरस सिटी, रात 8:25 बजे कासगंज और 9:32 बजे बदायूं पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन रात 11 बजे बरेली पहुंचेगी। इससे परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को घर लौटने में भी सुविधा मिलेगी। 14 कोच के साथ चलेगी परीक्षा स्पेशल रेलवे इस विशेष ट्रेन में सामान्य द्वितीय, शयनयान और कुर्सीयान श्रेणी के कुल 12 कोच लगाएगा। इसके अलावा दो एसएलआर कोच भी लगाए जाएंगे। इस तरह ट्रेन में कुल 14 कोच होंगे। अनारक्षित ट्रेन होने से अभ्यर्थियों को यात्रा में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। कासगंज-लखनऊ ट्रेन के समय में भी बदलाव अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए कासगंज-लखनऊ जंक्शन सवारी गाड़ी संख्या 55346 के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है। 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को यह ट्रेन फर्रुखाबाद से शाम 5:25 बजे के बजाय शाम 6 बजे रवाना होगी। रेलवे ने यह बदलाव परीक्षार्थियों की अतिरिक्त सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)