शादी के 4 महीने बाद विवाहिता ने लगाई फांसी:मायके वालों ने प्लाट-चेन की मांग पूरी न होने पर हत्या का लगाया आरोप, पति समेत 7 पर FIR
शाहजहांपुर में रविवार शाम एक विवाहिता का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान ककरा मोहल्ले की शालू उर्फ अनुपम के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब चार महीने पहले सदर बाजार क्षेत्र के पवन शर्मा से हुई थी। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शालू की शादी चार महीने पहले पवन शर्मा के साथ हुई थी। रविवार शाम करीब 4 बजे उसका शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद हरदोई से शालू के मायके वाले शाहजहांपुर पहुंचे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए और पुलिस को तहरीर दी। बाइक देने के बाद प्लाट और सोने की चेन की मांग मायके वालों का आरोप है कि शादी में बाइक देने के बावजूद शालू के पति और ससुराल वाले एक प्लाट और सोने की चेन की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर शालू को परेशान किया जाता था। परिजनों का कहना है कि उसके साथ मारपीट भी की जाती थी और वह लगातार प्रताड़ना झेल रही थी। शालू की मां जय देवी शर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर उन्हें बेटी की मौत की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई। मायके वालों ने हत्या कर शव लटकाने का लगाया आरोप जय देवी शर्मा का आरोप है कि शालू की हत्या की गई है। इसके बाद घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए उसके शव को फंदे पर लटका दिया गया। मायके वालों ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति पवन शर्मा समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पति समेत 7 पर एफआईआर, आरोपियों की तलाश सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर पति समेत सात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)