डीएम ने जलभराव प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर खाना चखा:घर छोड़कर शिविर में रह रहे लोगों से हाल जाना, बिजली दुरुस्त करने और सुविधाएं निर्देश
सीतापुर में लगातार हो रही बारिश और सरायन नदी के बढ़ते जलस्तर के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। केशव ग्रीन सिटी के साथ तरीनपुर और शास्त्री नगर में भी पानी भरने से लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को रैन बसेरों और राहत शिविरों में ठहराया जा रहा है। इसी के तहत डीएम डॉ. राजा गणपति आर. ने रविवार देर रात करीब 11 बजे विभिन्न रैन बसेरों और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। डीएम ने दुर्गापुरवा वार्ड, सहगल धर्मशाला सहित विभिन्न रैन बसेरों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राहत शिविरों में मौजूद लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और भोजन, बिजली, पेयजल समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान डीएम ने प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे लंच पैकेट की गुणवत्ता परखने के लिए स्वयं भोजन ग्रहण किया। उन्होंने भोजन का स्वाद और गुणवत्ता जांची, जो संतोषजनक पाई गई।
निरीक्षण के दौरान विद्युत व्यवस्था में आई समस्या की जानकारी भी डीएम को दी गई। उन्होंने संबंधित अधिकारी से वार्ता कर तत्काल बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जलभराव प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और राहत शिविरों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। डीएम ने एसडीएम सदर को रैन बसेरों की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही रात के समय अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर यह सुनिश्चित करने को कहा कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों को भोजन, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमला भी मौजूद रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)