दीपावली मिलन समारोह में उमड़े भाजपा कार्यकर्ता:भजन संध्या में जुटे 30 से 35 हजार लोग

Nov 01, 2026 - 17:13
0
दीपावली मिलन समारोह में उमड़े भाजपा कार्यकर्ता:भजन संध्या में जुटे 30 से 35 हजार लोग
रविवार को एसजीएम ग्राउंड में नीरज मित्तल द्वारा दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों के साथ सांसद, विधायक, मंत्री और पार्षद भी पहुंचे। नीरज मित्तल ने दावा किया कि महज छह-सात दिन पहले निमंत्रण दिए जाने के बावजूद कार्यक्रम में करीब 30 से 35 हजार लोग शामिल हुए। उन्होंने इसे भाजपा के प्रति जनता के समर्थन और संगठन की मजबूती का संदेश बताया। कार्यक्रम में भजन संध्या का आयोजन हुआ। इसमें भगवान श्रीराम और हनुमानजी के भजन प्रस्तुत किए गए। इसके बाद सभी ने सहभोज किया। खास बात यह रही कि अहोई अष्टमी का व्रत होने के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं भी कार्यक्रम में पहुंचीं। नीरज मित्तल ने कहा कि यह आयोजन राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोगों को परिवार की तरह जोड़ने और आपसी मेलजोल बढ़ाने का प्रयास था। इतने कम समय में बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना जनता के उत्साह को दिखाता है। पश्चिम से पूर्वांचल तक जाएगा भाजपा की मजबूती का संदेश नीरज मित्तल ने कहा कि समाजवादी पार्टी एमएलसी चुनाव में दो सीटें मिलने के बाद 2027 में पूरे प्रदेश में सरकार बनाने का दावा कर रही है, लेकिन दीपावली मिलन समारोह में उमड़ी भीड़ ने भाजपा की ताकत का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश से उठने वाली राजनीतिक लहर पूर्वांचल तक जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार अच्छा काम कर रही है। माताएं-बहनें खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 300 से अधिक सीटें जीतेगी। विपक्ष के पास आरोप लगाने के अलावा कुछ नहीं एसआईआर के जरिए वोट चोरी के विपक्ष के आरोपों और दिल्ली में विपक्षी दलों की रैली पर नीरज मित्तल ने कहा कि विपक्ष के पास कोई प्रमाण नहीं है। उनका काम केवल आरोप लगाना रह गया है। उन्होंने कहा कि कई दल एक साथ आने के बावजूद जनता का वैसा समर्थन नहीं जुटा पा रहे हैं, जैसा भाजपा को मिल रहा है। विपक्षी नेता बिना प्रमाण के आरोप लगाते हैं। 2027 विधानसभा चुनाव में कैंट विधानसभा सीट से दावेदारी के सवाल पर नीरज मित्तल ने कहा कि पार्टी का जो भी आदेश होगा, वह उन्हें स्वीकार होगा। उनके लिए पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User