सहारनपुर में अंबेडकर की मूर्ति तोड़ी...ग्रामीणों में आक्रोश:लखनौती के अंबेडकर पार्क में देर रात हुई घटना, पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

Oct 24, 2026 - 08:01
0
सहारनपुर में अंबेडकर की मूर्ति तोड़ी...ग्रामीणों में आक्रोश:लखनौती के अंबेडकर पार्क में देर रात हुई घटना, पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के गांव लखनौती में शुक्रवार देर रात अंबेडकर पार्क में लगी डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। करीब चार महीने पहले स्थापित की गई प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने की सूचना से गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण पार्क में एकत्र हो गए और प्रतिमा दोबारा स्थापित कराने की मांग करने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद रात में ही जनरेटर की व्यवस्था कर नई प्रतिमा स्थापित कराने का काम शुरू कर दिया गया। घटना गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव लखनौती स्थित नदी किनारे बने अंबेडकर पार्क की है। शुक्रवार देर रात प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी ग्रामीणों को मिली तो लोगों में नाराजगी बढ़ गई। देखते ही देखते पार्क में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना पर रोष जताते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने और प्रतिमा को दोबारा स्थापित कराने की मांग उठाई। भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे अधिकारी सूचना मिलने पर एसपी देहात मयंक पाठक, गंगोह सीओ सुरेंद्र प्रताप गौतम और कोतवाली प्रभारी राकेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने मौके पर स्थिति संभालने के साथ ही प्रतिमा दोबारा स्थापित कराने की प्रक्रिया शुरू कराई। तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा इस मामले में रूपचंद की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना को लेकर आगे की कार्रवाई करेगी। हालांकि, घटना को अंजाम देने वालों की पहचान और प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने के कारणों की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। रात में ही शुरू कराया नई प्रतिमा लगाने का काम ग्रामीणों की मांग और माहौल को देखते हुए प्रशासन ने रात में ही जनरेटर की व्यवस्था कर नई प्रतिमा स्थापित कराने का काम शुरू करा दिया। नई प्रतिमा लगाने की कार्रवाई शुरू होने के बाद ग्रामीण शांत हुए। मौके पर अब्बास चौधरी, मोनू चौधरी, शान आसपा के अनीस अहमद, अमित कुमार, मुकेश डाबरा, शाहिद, सचिन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User