सहारनपुर में जानलेवा हमले का आरोपी अरेस्ट:रेलवे रोड पर तीन दोस्तों पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से किया था हमला
सहारनपुर में रेलवे रोड पर होटल में फास्ट फूड खाने पहुंचे तीन दोस्तों पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने करीब नौ महीने बाद एक आरोपी को अरेस्ट किया है। आरोप है कि होटल से बाहर निकलते ही हमलावरों ने तीनों दोस्तों को घेर लिया था। इसके बाद लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पुलिस ने मंगलवार शाम चार बजे मुकदमे में फरार आरोपी को चंद्रनगर कचहरी के पास से पकड़ लिया।
मामला 16 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे का है। जनकपुरी क्षेत्र की जे.जे. पुरम कॉलोनी निवासी सुधांशु ने सदर बाजार थाने में दी तहरीर में बताया था कि वह अपने दोस्त वेदांत शर्मा और आदित्य गुप्ता के साथ रेलवे रोड स्थित खलासी लाइन के होटल बैरल-21 पर फास्ट फूड खाने गया था। तीनों खाना खाने के बाद होटल से बाहर निकले ही थे कि अतुल लोहरे, करण और उनके अन्य साथियों ने उन्हें घेर लिया।
तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से तीनों पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीनों को गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद सुधांशु की शिकायत पर सदर बाजार थाने में अतुल लोहरे, करण और अन्य साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, मुकदमे में नंदपुरी कॉलोनी निवासी सागर पुत्र संदीप भी वांछित चल रहा था। मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद सदर बाजार पुलिस ने चंद्रनगर कचहरी के पास दबिश देकर उसे अरेस्ट कर लिया। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
आरोपी को पकड़ने वाली टीम में सदर बाजार थाना प्रभारी नेमचंद सिंह, एसआई अखिलेश कुमार बंसल, हेड कांस्टेबल धीरज कुमार और कांस्टेबल रहीसुद्दीन शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)