रमेश रंजन ने संभाला गोंडा डीएम का कार्यभार:बोले- नए और छूटे मतदाताओं के नाम बिना भेदभाव जोड़ें

Nov 17, 2026 - 19:03
0
रमेश रंजन ने संभाला गोंडा डीएम का कार्यभार:बोले- नए और छूटे मतदाताओं के नाम बिना भेदभाव जोड़ें
गोंडा के नवागत जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। वह 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात की और बैठक कर उनके कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद शाम 4 से 5 बजे तक विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने को लेकर राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। नए और छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने के निर्देश डीएम ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से अपने कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंट (BLA) को सक्रिय करने को कहा, ताकि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकें। उन्होंने सूची से छूटे लोगों के नाम भी नियमानुसार जुड़वाने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया बिना किसी गलती और भेदभाव के पूरी की जाए। राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने भारत निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन को इस कार्य में सहयोग देने का भरोसा दिया। डीएम ने आश्वस्त किया कि सभी की समस्याओं का बिना भेदभाव समाधान कराया जाएगा, ताकि आगामी चुनाव शांतिपूर्ण और बिना विवाद के संपन्न हो सकें। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों से डीएम ने कहा कि काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही या शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने तहसीलों में आने वाले लोगों की समस्याओं का गंभीरता से निस्तारण करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को शिकायत लेकर बार-बार जिला मुख्यालय न आना पड़े। रमेश रंजन ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के काम में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों से भी प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि उनका तबादला देर रात हुआ था और मंगलवार को उन्होंने गोंडा के जिलाधिकारी का पदभार संभाला है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User