सहारनपुर में जमीन के तीन फर्जी बैनामे...14 पर FIR:देहरादून की महिला ने 20 साल पहले 0.184 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीदी थी, हड़पने का आरोप
सहारनपुर में बेहट क्षेत्र में करीब 20 साल पहले खरीदी गई कृषि भूमि को फर्जी बैनामों के जरिए हड़पने के मामले में कोर्ट के आदेश पर 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। देहरादून निवासी 57 वर्षीय पवित्र ग्रेवाल का आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2006 में ग्राम पेलो खुर्द में जमीन खरीदी थी। इसके बावजूद जमीन बेचने वाले दो लोगों ने कथित तौर पर अन्य लोगों के साथ मिलकर उसी भूमि के तीन बैनामे दो महीने के भीतर करा दिए। महिला ने विरोध किया तो आरोपियों पर पति के साथ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर थाना बेहट पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। 2006 में बैनामा कराकर लिया था कब्जा देहरादून के गंगोत्री विहार निवासी पवित्र ग्रेवाल के मुताबिक, उन्होंने वर्ष 2006 में खसरा नंबर 214म में दर्ज 0.184 हेक्टेयर कृषि भूमि ग्राम पेलो खुर्द, परगना मुजफ्फराबाद, तहसील बेहट में खरीदी थी। इसके लिए उन्होंने गांव खुशहालीपुर निवासी आनंद और जसवंत से बैनामा संख्या 6585 और 6586 के माध्यम से जमीन खरीदी थी। महिला का कहना है कि बैनामा कराने के बाद उन्होंने जमीन पर तारबाड़ कराकर कब्जा ले लिया था। तभी से वह जमीन पर काबिज चली आ रही थीं। एक के बाद एक तीन बैनामे कराने का आरोप महिला का आरोप है कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि आनंद और जसवंत ने उसी जमीन को शोएब के नाम बैनामा कर दिया। इसके बाद शोएब से सुशील कुमार सिंघल और सुशील कुमार सिंघल से पीसी वर्मा के नाम बैनामा करा दिया गया। महिला के अनुसार, ये तीनों बैनामे करीब दो महीने के भीतर कराए गए। पवित्र ग्रेवाल का कहना है कि जमीन पहले ही उनके नाम खरीदी जा चुकी थी। ऐसे में आनंद और जसवंत का उस पर दोबारा मालिकाना हक नहीं था। इसके बावजूद आरोपियों ने कथित तौर पर साजिश करके कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। तहसील में अभिलेखों की जांच कराई तो हुआ खुलासा शिकायत के मुताबिक, पवित्र ग्रेवाल लंबे समय तक अपने माता-पिता के साथ पंजाब के होशियारपुर में रहती थीं। इस कारण वह अपनी जमीन देखने के लिए कभी-कभी ही सहारनपुर आ पाती थीं। अप्रैल 2026 में वह जमीन देखने पहुंचीं तो खुशहालीपुर निवासी तेजपाल, धीर सिंह और नरेंद्र ने उन्हें कथित बैनामों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद महिला ने बेहट तहसील पहुंचकर जमीन से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई। उनका आरोप है कि अभिलेखों के निरीक्षण में जमीन के कई बैनामे सामने आए। कुछ दस्तावेजों में गवाहों के हस्ताक्षर तक नहीं थे। महिला ने इसे जमीन हड़पने की साजिश बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विरोध करने पर पति के साथ धमकाने का आरोप महिला का आरोप है कि जब वह अपने पति के साथ आरोपियों से मिलीं और कथित फर्जी बैनामों के बारे में सवाल किया तो उनके साथ गाली-गलौज की गई। आरोपियों ने कथित तौर पर जमीन पर कब्जा करने की बात कहते हुए दोबारा वहां आने पर जान से मारने और शव का पता तक नहीं चलने देने की धमकी दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ आरोपी बेहट क्षेत्र में संपत्तियों की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं और बाहर रहने वाले लोगों की जमीनों को चिह्नित कर कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार करके कब्जा करने की कोशिश करते हैं। महिला ने आरोपियों पर संगठित तरीके से काम करने और जमीन हड़पने के जरिए अनुचित लाभ कमाने का आरोप लगाया है। एसएसपी को शिकायत के बाद कोर्ट पहुंचीं महिला पवित्र ग्रेवाल के मुताबिक, उन्होंने 12 अगस्त 2026 को एसएसपी को डाक के माध्यम से शिकायत भेजी थी। आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद उन्होंने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने और विवेचना कराने की मांग की। कोर्ट के आदेश पर थाना बेहट पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिकायत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 352 और 351(2) के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस अब जमीन के मूल बैनामों, बाद में हुए कथित बैनामों, राजस्व अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी। आरोपों की पुष्टि विवेचना के बाद ही हो सकेगी। इन 14 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा मुकदमे में आनंद और जसवंत निवासी खुशहालीपुर, शोएब निवासी चिलकाना रोड सहारनपुर, सुशील कुमार सिंघल निवासी माजरा देहरादून, पीसी वर्मा निवासी शिवम विहार देहरादून, भरत सब्बरवाल और रमा सब्बरवाल निवासी अंसारी मार्ग देहरादून, नरेश निवासी खुशहालीपुर, कय्यूम निवासी मेहुवाला माफी देहरादून, ओजस्वी खन्ना निवासी भागीरथीपुरम देहरादून, कृपाल सिंह निवासी कुरड़ीखेड़ा, मोहम्मद तोय्यब निवासी पुरानी मंडी पुल कम्बोहरान सहारनपुर, रवि कुमार निवासी कुरड़ीखेड़ा और नीरज ढींगरा निवासी सालावाला, देहरादून को नामजद किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)