शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए होगा मतदान:11 केंद्रों पर 3572 मतदाता चुनेंगे प्रतिनिधि, सुबह 8 से शाम 4 बजे तक डाले जाएंगे वोट
महराजगंज में शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में मतदान कराने के लिए 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 3572 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की है। डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि जिले के सभी 11 मतदान केंद्र क्षेत्र पंचायत कार्यालयों में स्थापित किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारियों और पोलिंग पार्टियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने के साथ उनकी ब्रीफिंग भी पूरी कर ली गई है। मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां कलेक्ट्रेट से रवाना की जाएंगी। मतदान केंद्रों पर रहेंगी जरूरी सुविधाएं जिला प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने पर जोर दिया गया है, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया पर निगरानी रखने और सभी तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। 4 जोन और 11 सेक्टर में बांटा गया जिला पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि शिक्षक एमएलसी चुनाव को देखते हुए पूरे जनपद को 4 जोन और 11 सेक्टर में बांटा गया है। सभी क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को अलर्ट किया गया है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त तैयारी का उद्देश्य चुनाव को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना और मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान का अवसर उपलब्ध कराना है ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)