केंद्रीय मंत्री ने यमुना में छोड़ी 50 हजार मछलियां:बोले- यमुना हमारी आस्था और जीवनधारा,इसे स्वच्छ रखना सबकी जिम्मेदारी

Oct 28, 2026 - 09:50
0
केंद्रीय मंत्री ने यमुना में छोड़ी 50 हजार मछलियां:बोले- यमुना हमारी आस्था और जीवनधारा,इसे स्वच्छ रखना सबकी जिम्मेदारी
केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने मंगलवार को यमुना नदी में 50 हजार मछलियों को छोड़ा। पोइया घाट पर आयोजित रिवर रैंचिंग कार्यक्रम में उन्होंने भारतीय मेजर कार्प प्रजाति की मत्स्य अंगुलिकाओं को नदी में प्रवाहित किया। यह कार्यक्रम यमुना की जैव विविधता को समृद्ध करने और मत्स्य संसाधनों के संरक्षण के लिए आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान मत्स्य विभाग के अधिकारी, स्थानीय मछुआरे और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री बघेल ने कहा कि यमुना हमारी आस्था, संस्कृति और जीवनधारा का अभिन्न हिस्सा है। इसका संरक्षण करना और इसे प्रदूषण मुक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में नदियों को स्वच्छ, निर्मल और जीवंत बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रिवर रैंचिंग केवल मछलियों की संख्या बढ़ाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह जलीय पारिस्थितिकी तंत्र का संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे जैव विविधता का संरक्षण होगा और स्थानीय मत्स्यजीवियों की आजीविका भी मजबूत होगी। नदी में मछलियों की संख्या बढ़ने से पानी की गुणवत्ता में भी सुधार होता है और प्राकृतिक संतुलन बना रहता है। मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे यमुना को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। कूड़ा-कचरा नदी में न डालें और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, समृद्ध और जीवंत यमुना के संकल्प को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि सरकार नदियों के संरक्षण के लिए कई योजनाएं चला रही है और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए मछुआरों को सहायता भी दी जा रही है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने घाट का निरीक्षण किया और अधिकारियों को यमुना संरक्षण से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User