सीएम योगी कल गोंडा एक दिवसीय दौरे पर आएंगे:520.83 करोड़ की 69 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोमवार को प्रस्तावित गोंडा दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मनकापुर तहसील क्षेत्र के गौरा विधानसभा अंतर्गत तेजपुर स्थित सिंगार घाट पर मुख्यमंत्री की जनसभा होगी। रविवार दोपहर तीन बजे देवीपाटन मंडल की कमिश्नर दुर्गा शक्ति नागपाल, डीएम प्रियंका निरंजन, एसपी अभिषेक झा और सीडीओ दयानंद प्रसाद ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री यहां गौरा और मनकापुर विधानसभा क्षेत्र की कुल 69 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। 520.83 करोड़ की 69 परियोजनाओं की देंगे सौगात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार सुबह करीब 10 बजे गोंडा पहुंचेंगे। इस दौरान 52,083 लाख रुपये की 69 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। गौरा विधानसभा क्षेत्र में 5,346 लाख रुपये की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण और 21,327 लाख रुपये की 21 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। मनकापुर में 29 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास मनकापुर विधानसभा क्षेत्र में 9,366 लाख रुपये की नौ परियोजनाओं का लोकार्पण और 16,042 लाख रुपये की 20 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। भाजपा विधायक प्रभात वर्मा ने बताया कि गौरा विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा सड़क और पर्यटन से जुड़े काम हैं। बेसिक शिक्षा विभाग की परियोजनाएं भी शामिल हैं। बभनजोत के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शैक्षिक भवन बनने से छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कमिश्नर-डीएम ने लिया तैयारियों का जायजा रविवार दोपहर तीन बजे कमिश्नर दुर्गा शक्ति नागपाल, डीएम प्रियंका निरंजन, एसपी अभिषेक झा और सीडीओ दयानंद प्रसाद ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठने और आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश प्रशासन को जनसभा में आने वाले लोगों के बैठने, आवागमन और बुनियादी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। एसपी ने पुलिस बल को सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम में गोंडा सांसद एवं विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय और भाजपा एमएलसी अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह समेत जिले के जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)