काशी के SIR में वोटर कटने से भाजपा जिलाध्यक्ष-संगठन चिंतित:वाराणसी में 2.83 लाख तो जौनपुर में 4.88 लाख वोटर घटे, 25 MLA को जिम्मेदारी

Nov 16, 2026 - 02:19
0
काशी के SIR में वोटर कटने से भाजपा जिलाध्यक्ष-संगठन चिंतित:वाराणसी में 2.83 लाख तो जौनपुर में 4.88 लाख वोटर घटे, 25 MLA को जिम्मेदारी
सीएम योगी आदित्यनाथ की ओर से यूपी में एसआईआर के बाद सूची से मतदाताओं के बाहर होने के जिक्र के बाद भाजपा ने इन सूचियों पर मंथन शुरू कर दिया है। काशी क्षेत्र के हर जिले में बड़ी संख्या में कटे नामों ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी है। काशी क्षेत्र के 17 जिलों में करीब 25 लाख मतदाताओं के नाम कटे हैं। पहले नाम कटवाने और एआईआर में आगे बढ़कर भाग लेने वाले भाजपा विधायकों के माथे पर भी चिंता की लकीरें हैं। वहीं आगामी चुनाव में वोटर घटने के बाद जीत में संघर्ष तय है, क्योंकि कटे हुए वोटर को भाजपा अपना कोर वोटर मानती है। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 17 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इस पर दावे और आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दर्ज कराई जा सकेंगी। यूपी में सबसे ज्यादा वोटर जौनपुर में घटे मतदाता पुनरीक्षण अभियान में काशी क्षेत्र से ही 25 लाख मतदाताओं के नाम सूची से बाहर होने की बात सामने आई है। जिलावार आंकड़ों में जौनपुर सबसे आगे है। प्रयागराज में 4.40 लाख मतदाताओं के नाम कटे हैं। चंदौली में 2,29,710 और भदोही में 2,06,187 मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हुए हैं। संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण मतदाता पुनरीक्षण अभियान में यूपी में सबसे ज्यादा वोटर जौनपुर में बाहर हुए है, इसमें ओबीसी और सवर्ण वोटरों की बड़ी संख्या बताई गई है, जो हर चुनाव में निर्णायक होते हैं। जौनपुर के ही नाै विधानसभा क्षेत्रों से 4.88 लाख मतदाताओं के नाम हटे हैं जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। जौनपुर की मड़ियाहूं और शाहगंज विधानसभा क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम कटे हैं। काशी में भी 2.83 लाख वोटरों को किया बाहर वाराणसी में 2.83 लाख मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हुए हैं। वाराणसी की कैंट और रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा असर है। उत्तरी विधानसभा सीट भी प्रभावित है। इसके अलावा दक्षिणी और सेवापुरी में इसका प्रतिशत कम है लेकिन इन जगहों पर भी भाजपा खेमे में चर्चा तेज है। अब भाजपा विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों को साथ लेकर छूटे पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जुड़वाने में जुट गई है। मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर नाम कटने से भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति बदल दी है। वाराणसी की तीन विधानसभा सीटों पर ज्यादा असर कैंट और रोहनिया विधानसभा क्षेत्रों में सबसे ज्यादा मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हुए हैं। उत्तरी विधानसभा क्षेत्र भी इससे प्रभावित है। विधायकों को सौंपे गए ब्योरे में विधानसभा क्षेत्रों में कटे नामों की संख्या और प्रभावित इलाकों की जानकारी दी गई है। अब संगठन की कोशिश है कि बूथवार समीक्षा कर उन पात्र मतदाताओं की पहचान की जाए जिनके नाम किसी कारणवश सूची में शामिल नहीं हो सके हैं। 10 से 25 हजार मतदाताओं के नाम जुड़वाने का लक्ष्य भाजपा की रणनीति केवल कटे नामों की संख्या का आकलन करने तक सीमित नहीं है। पार्टी अब बूथ स्तर पर ऐसे मतदाताओं की पहचान करना चाहती है, जो पात्र होने के बावजूद सूची से बाहर हो गए हैं। पार्टी ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10 हजार से 25 हजार तक पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जुड़वाने का लक्ष्य रखा है। हर बूथ पर कम से कम 50 मतदाताओं तक पहुंचने की योजना है। 17 से घर-घर जाएंगे भाजपा नेता भाजपा इस पूरी कवायद को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर देख रही है। पार्टी की कोशिश है कि मतदाता सूची में हुई कटौती से प्रभावित बूथों पर संगठन की सक्रियता बढ़ाई जाए। विधायकों को मिले क्षेत्रवार आंकड़ों के आधार पर यह भी समीक्षा होगी कि किन बूथों पर पार्टी को अधिक मेहनत करने की जरूरत है। छूटे पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के साथ नए मतदाताओं को जोड़ने पर भी जोर रहेगा। पार्टी का लक्ष्य आगामी चुनाव में बूथ प्रबंधन मजबूत कर पिछली बार से अधिक अंतर से जीत हासिल करना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User