AMUSU:गाउन पहनते ही तालियां, माइक संभालते ही हंगामा:छात्रसंघ का शपथ ग्रहण समारोह, रघुराज पर एफआईआर और हॉर्स राइडिंग की जमीन का मुद्दा गरमाया

Nov 16, 2026 - 01:46
0
AMUSU:गाउन पहनते ही तालियां, माइक संभालते ही हंगामा:छात्रसंघ का शपथ ग्रहण समारोह, रघुराज पर एफआईआर और हॉर्स राइडिंग की जमीन का मुद्दा गरमाया
आठ साल बाद अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में छात्रसंघ की वापसी का जश्न रविवार को दो बार हंगामे और तनावपूर्ण माहौल के बीच गुजरा। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को गाउन पहनाए गए तो तालियों से स्वागत हुआ, लेकिन माइक हाथ में आते ही मंच सवालों और विरोध का अखाड़ा बन गया। भाजपा नेता एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रघुराज सिंह के खिलाफ एफआईआर की मांग को लेकर छात्रों ने ऐसा हंगामा किया कि कार्यक्रम काफी देर तक रोकना पड़ा। मामला शांत हुआ तो हॉर्स राइडिंग क्लब की जमीन पर कब्जे का मुद्दा उठ गया। इस बार भी छात्र मंच पर चढ़ गए और तत्काल धरने पर चलने की चुनौती देने लगे। दोनों बार एएमयू के अधिकारियों और छात्र नेताओं ने किसी तरह छात्रों को समझाकर स्थिति संभाली। अध्यक्ष नोमान अशरफ ने 48 घंटे बाद आंदोलन की बात कही, साथ ही सोमवार दोपहर तीन बजे से धरने पर बैठने का विकल्प भी दे दिया। उपाध्यक्ष नसरा नईम ने छात्राओं के उत्पीड़न और गरीब विद्यार्थियों की स्कॉलरशिप का सवाल उठाया, जबकि सचिव हमदान गयास ने प्रशासनिक जवाबदेही और हॉस्टलों की सुरक्षा पर सवाल दागे। दोपहर तीन बजे शुरू हुआ समारोह रात 11:15 बजे तक चला। कुरान की तिलावत से शुरुआत, तराना और राष्ट्रगान से समापन एथलेटिक ग्राउंड में रविवार दोपहर तीन बजे कुरान की तिलावत के साथ इंस्टॉलेशन सेरेमनी की शुरुआत हुई। छात्रसंघ की परंपरा के मुताबिक दस कैबिनेट सदस्यों को गाउन पहनाए गए। अध्यक्ष मोहम्मद नोमान अशरफ, उपाध्यक्ष नसरा नईम और सचिव मोहम्मद हमदान गयास को कुलपति प्रो. नईमा खातून ने गाउन पहनाकर पदभार ग्रहण कराया। मंच पर कुलपति के साथ तीनों नवनिर्वाचित पदाधिकारी, प्रॉक्टर नफीस अंसारी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. जावेद तालिब मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शारिक अकील ने किया। आठ साल बाद लौटी परंपरा पर छात्रों ने तालियों और नारों से स्वागत किया। चुनाव में पराजित प्रत्याशियों को भी मंच से अपनी बात रखने का मौका मिला। उन्होंने नई टीम को चुनावी वादे याद दिलाए और साफ कहा कि चुनाव हारने का मतलब छात्रहित की लड़ाई से पीछे हटना नहीं है। इसके बाद भाषणों के साथ मंच का माहौल लगातार गरमाता चला गया। एफआईआर की कॉपी मांगकर अड़े छात्र, काफी देर तक रुका समारोह पहला बड़ा हंगामा रघुराज सिंह के बयान को लेकर हुआ। उपाध्यक्ष पद के एक पराजित प्रत्याशी हरिओम ने इस मुद्दे को उठाते हुए रघुराज सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। एएमयू और जामिया को आतंकियों का अड्डा बताने वाले बयान पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने साफ कह दिया कि जब तक एफआईआर की कॉपी कार्यक्रम स्थल पर नहीं आएगी, समारोह आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। इसके बाद छात्र मंच पर चढ़ गए। नारेबाजी और विरोध के बीच कार्यक्रम रोकना पड़ा। काफी देर तक खींचतान और हंगामे की स्थिति बनी रही। माहौल तनावपूर्ण होने पर एएमयू के अधिकारियों और छात्र नेताओं ने हस्तक्षेप किया। छात्रों को बताया गया कि विश्वविद्यालय की ओर से पुलिस को तहरीर दी जा चुकी है और उसकी रिसीविंग भी मिल गई है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। इस आश्वासन के बाद किसी तरह छात्रों को शांत कराया गया और समारोह दोबारा शुरू हो सका। दूसरा हंगामा: हॉर्स राइडिंग क्लब की जमीन पर आज ही धरने की चुनौती पहला विवाद अभी शांत ही हुआ था कि दूसरा मुद्दा सामने आ गया। इस बार हॉर्स राइडिंग क्लब की जमीन पर कथित कब्जे का मामला उठाया गया। अध्यक्ष नोमान अशरफ को उनके चुनावी भाषण और फाइनल स्पीच की याद दिलाते हुए एक पराजित प्रत्याशी ने सवाल किया कि जब आंदोलन का वादा किया था तो आज ही धरने पर चलिए। उन्होंने साथ देने की बात भी कही। इस पर फिर नारेबाजी शुरू हो गई। छात्र मंच पर चढ़ गए और नोमान से जवाब मांगने लगे। समारोह दूसरी बार बाधित हुआ। कुछ देर तक हंगामा और तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। एएमयू के लोगों ने फिर हस्तक्षेप किया और छात्रों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद नोमान ने सफाई दी कि उन्होंने शपथ लेते ही धरने पर बैठने की बात नहीं कही थी, बल्कि शपथ के 48 घंटे बाद आंदोलन शुरू करने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान और पूर्व छात्रों को पत्र लिखकर सभी के साथ रणनीति तय की जाएगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कह दिया कि यदि छात्र तत्काल आंदोलन चाहते हैं तो सोमवार दोपहर तीन बजे से धरने पर बैठने को तैयार हैं। नोमान बोले- मजलूमों के साथ खड़ा होना हमारी जिम्मेदारी अध्यक्ष नोमान अशरफ ने अपने संबोधन में कहा कि हदीस के मुताबिक जुल्म को ताकत से रोकना संभव न हो तो जुबान से विरोध करना चाहिए। उन्होंने फलस्तीन, सूडान, ईरान, संभल और उज्जैन की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जहां भी अन्याय होगा, वह आवाज उठाएंगे। सर सैयद अहमद खां को भारत रत्न देने की मांग भी दोहराई। रघुराज सिंह के बयान पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग एएमयू के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकते हैं। ऐसे लोगों को जरूरत से ज्यादा तवज्जो देने के बजाय संस्थान के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होना चाहिए। उन्होंने नर्सिंग और पैरामेडिकल विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन, सिंगल विंडो व्यवस्था, छात्राओं के लिए शटल सेवा, सीसीटीवी, मेडिकल सुविधाओं और 24 घंटे एंबुलेंस की मांग भी उठाई। एमआईसी समेत कई पदों पर एक ही व्यक्ति के लंबे समय से जिम्मेदारी संभालने पर सवाल करते हुए चयन समितियों और नियुक्तियों की समीक्षा की मांग की। नसरा ने कहा- बहनों के उत्पीड़न पर अब चुप नहीं बैठेंगे उपाध्यक्ष नसरा नईम ने छात्राओं के मानसिक उत्पीड़न और सम्मान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अब छात्रसंघ तमाशबीन बनकर नहीं बैठेगा। जिन लोगों की वजह से बहनें मानसिक दबाव झेलती हैं, उन्हें जवाबदेह बनाया जाएगा। उन्होंने गरीब विद्यार्थियों की आर्थिक मुश्किलों का जिक्र करते हुए यूपी स्कॉलरशिप को 75 प्रतिशत उपस्थिति से जोड़ने पर सवाल उठाया। कहा कि जो छात्र नौकरी करके अपनी पढ़ाई और फीस का इंतजाम करते हैं, उनकी परिस्थितियों को भी अकादमिक व्यवस्था को समझना चाहिए। उन्होंने बेहतर लाइब्रेरी, रिसर्च जर्नल, फोरेंसिक लैब और शैक्षणिक सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग की। हमदान ने वार्डन और प्रॉक्टर को दी जवाबदेही की नसीहत सचिव मोहम्मद हमदान गयास ने कहा कि छात्रसंघ हर विद्यार्थी की आवाज बनेगा। उन्होंने 19 दिन के आंदोलन और यासिर फहद के संघर्ष को याद करते हुए आंदोलन को कमजोर करने की कथित कोशिशों पर सवाल उठाए। हॉस्टलों के गेट पर असामाजिक तत्वों के बैठे रहने को गंभीर बताते हुए वार्डन और प्रॉक्टर को चेताया कि छात्रों के साथ अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में कुछ अधिकारी अपने पदों को निजी जागीर समझकर बैठे हैं। यहां तक कि प्रोफेसरों को भी कुलपति से मिलने के लिए अपॉइंटमेंट लेना पड़ता है। छात्रसंघ प्रशासनिक जवाबदेही तय कराने के लिए आवाज उठाता रहेगा। डाइनिंग की कथित दलाली से लेकर 24 घंटे लाइब्रेरी तक उठा हिसाब समारोह में छात्रों ने हॉस्टलों की सुरक्षा, सफाई, खाने की गुणवत्ता, डाइनिंग व्यवस्था में कथित दलाली, कैंटीनों की स्थिति और अकादमिक समस्याओं पर भी नाराजगी जताई। एमआईसी और खेल विभाग समेत कई विभागों में एक ही व्यक्ति के पास कई जिम्मेदारियां होने पर सवाल उठे। लाइब्रेरी को 24 घंटे खोलने, पुराने सिलेबस में बदलाव, छात्राओं के आवागमन की सुरक्षा, उर्दू की उपेक्षा रोकने, नियमित कन्वोकेशन और चयन समितियों के आयोजन की मांग भी उठी। शेरनी ने जन्म दिया है... मां तसनीम कौसर और मौसी गजाला खातून को मंच पर बुलाया नोमान के संबोधन का सबसे भावुक पल तब आया, जब उन्होंने अपनी मां तसनीम कौसर और मौसी गजाला खातून का जिक्र करते हुए कहा, 'मुझे शेरनी ने जन्म दिया है, मैं शेरनी का बेटा हूं।' इतना सुनते ही छात्रों ने उनकी मां और मौसी के समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए। समर्थक दोनों को भीड़ के बीच से उठाकर मंच पर ले आए। मां ने बेटे को गले लगाया और उसका पसीना पोंछा। कुलपति प्रो. नईमा खातून ने भी उनसे मुलाकात कर अभिनंदन किया। नारों और हंगामे के बीच इस दृश्य ने समारोह का माहौल भावुक कर दिया। कुलपति बोलीं- एक-एक मुद्दे की जांच कराकर कराएंगे निस्तारण समारोह के अंत में कुलपति प्रो. नईमा खातून ने मीडिया से कहा कि छात्र-छात्राओं और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की ओर से जो भी मुद्दे और समस्याएं उठाई गई हैं, उनकी एक-एक कर जांच कराई जाएगी। आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनका निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने छात्रों को समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। छात्रसंघ की नई कार्यकारिणी के गठन की खुशी में सोमवार को एएमयू में अवकाश घोषित किया गया। विमेंस कॉलेज स्टूडेंट्स यूनियन की इंस्टॉलेशन सेरेमनी 17 नवंबर को होगी। रात 11:15 बजे एएमयू तराना और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। जिस आयोजन की शुरुआत कुरान की तिलावत से हुई थी, उसका अंत विश्वविद्यालय की परंपरा और राष्ट्रगान के साथ हुआ। 19 दिन के आंदोलन के बाद आठ साल में लौटी छात्रसंघ की आवाज एएमयू में 2018-19 के बाद छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए थे। चुनाव बहाली की मांग को लेकर 21 सितंबर से यासिर फहद के नेतृत्व में 19 दिन तक धरना और भूख हड़ताल चली। इसके बाद इंतजामिया ने चुनाव कराने का निर्णय लिया। पांच नवंबर को मतदान और छह नवंबर को मतगणना के बाद नई कार्यकारिणी चुनी गई। रविवार को शपथ ग्रहण के साथ उसने औपचारिक रूप से जिम्मेदारी संभाली। लेकिन पहले ही दिन दो बार हंगामे, एफआईआर की मांग और जमीन के विवाद पर आंदोलन की चुनौती ने साफ कर दिया कि आठ साल बाद लौटा छात्रसंघ अब केवल समारोहों तक सीमित रहने वाला नहीं है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User