संभल में शुरू हुई 24 कोसी परिक्रमा:पांच लाख श्रद्धालु जुटने की संभावना, 68 तीर्थ और 19 कूपों की होगी यात्रा
संभल में 68 तीर्थों और 19 कूपों की दो दिवसीय वार्षिक परिक्रमा शुक्रवार तड़के 4:30 बजे शुरू हुई। श्रीवंशगोपाल तीर्थ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने यात्रा शुरू की। आयोजन में करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं, संतों का अनुमान है कि यह संख्या 10 लाख के पार जा सकती है। कदम के पेड़ की परिक्रमा से शुरू हुई यात्रा भजन संध्या के बाद श्रद्धालुओं ने श्रीवंशगोपाल तीर्थ कुंड में स्नान किया और करीब 5,200 साल पुराने बताए जाने वाले कदम के पेड़ की परिक्रमा की। इसके बाद यात्रा शुरू हुई। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे नंगे पैर परिक्रमा करते नजर आए। कुछ महिलाएं छोटे बच्चों को गोद में लेकर शामिल हुईं। श्रद्धालु भगवान श्रीकल्कि के जयकारे लगाते हुए भजन-कीर्तन कर रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, भगवान श्रीकृष्ण ने रुक्मणी के साथ इस तीर्थ पर रात बिताई थी। मान्यता है कि उन्होंने यहीं कलियुग में कल्कि अवतार लेने की बात कही थी। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस परिक्रमा से पुण्य मिलता है और वंशगोपाल तीर्थ धाम में पूजा करने से वंश की वृद्धि होती है। 35 किलोमीटर का रास्ता तय करेंगे श्रद्धालु पहले दिन परिक्रमा श्रीवंशगोपाल तीर्थ से शुरू होकर भोलेश्वर महादेव मंदिर और क्षेमनाथ मंदिर होते हुए चंद्रेश्वर महादेव मंदिर तक जाएगी। इस चरण की दूरी करीब 35 किलोमीटर है। पूरी परिक्रमा को 24 कोसी यात्रा के रूप में जाना जाता है। अमरोहा के हसनपुर से आईं विनीता अग्रवाल ने आयोजन की व्यवस्थाओं की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पक्का रास्ता बनने से श्रद्धालुओं को सुविधा होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि संभल का कल्किधाम भी वृंदावन की तरह तीर्थ और पर्यटन स्थल बनेगा। मीनाक्षी सिंघल ने कहा कि 24 कोसी परिक्रमा सुबह से चल रही है और इसमें हजारों लोग शामिल हुए हैं। कल्कि की भूमि पर परिक्रमा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। अंकित अग्रवाल ने बताया कि दीपावली और भैया दूज के बाद होने वाली इस परिक्रमा को गोवर्धन परिक्रमा से भी अधिक महत्व का माना जाता है। यह परिक्रमा हर महीने के पहले रविवार को भी होती है, लेकिन शुक्रवार से शुरू हुई यात्रा प्राचीन काल से चली आ रही वार्षिक परिक्रमा है। श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख पार कर सकती है अखिल भारतीय जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यतींद्रानंद गिरी महाराज ने कहा कि परिक्रमा में श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख के पार जा सकती है। वंशगोपाल मंदिर से लेकर पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार ने लुप्त हो चुकी परिक्रमा को फिर शुरू कराया है। उन्होंने दावा किया कि मुगल काल में यह परिक्रमा बंद हो गई थी और मोहम्मद गौरी ने संभल तीर्थ को मिट्टी में मिला दिया था। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा शाश्वत है और इसे मिटाया नहीं जा सकता। महामंडलेश्वर के मुताबिक, पुराणों और शास्त्रों में संभल की महिमा का उल्लेख है। इसे कलियुग का तीर्थ बताया गया है। उन्होंने कहा कि परिक्रमा में नंगे पैर चलने वाले 80 से 90 प्रतिशत श्रद्धालु यदुवंशी और यादव समाज के हैं। उनके अनुसार, आस्था और सनातन किसी के अधीन नहीं हैं। सुरक्षा के लिए 400 पुलिसकर्मी तैनात परिक्रमा मार्ग पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए RRF-PAC की एक कंपनी और आठ थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है। पांच जोनल मजिस्ट्रेट और 400 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, SDM विकास चंद्र, तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह, CO कुलदीप कुमार, CO अमन सिंह, पालिका EO आदित्य प्रकाश और इंस्पेक्टर मोहित चौधरी व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं। 68 तीर्थों और 19 कूपों के जीर्णोद्धार का काम जारी संभल की शाही जामा मस्जिद और श्रीहरिहर मंदिर विवाद के बीच 19 और 24 नवंबर को सर्वे कराया गया था। 24 नवंबर 2024 को हुई हिंसा के बाद संभल देशभर में चर्चा में आया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने जिले के 68 तीर्थों और 19 कूपों के जीर्णोद्धार का काम शुरू कराया। 24 कोसी परिक्रमा के करीब 52 किलोमीटर लंबे मार्ग के लिए 350 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक, मार्ग के लिए जमीन खरीदने का करीब 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री वंदन योजना के तहत यम तीर्थ और 22 अन्य तीर्थ-कूपों पर भी काम चल रहा है। चतुर्मुख कूप के जीर्णोद्धार के बाद उसका उद्घाटन किया जा चुका है। 24 नवंबर 2024 की हिंसा के बाद यह दूसरी वार्षिक परिक्रमा है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)