सहारनपुर में पार्टनर पर धमकी देने का आरोप:हिसाब पूरा होने के बाद भी 9 लाख रुपए मांगे, युवक ने SSP से सुरक्षा मांगी

Nov 13, 2026 - 12:48
0
सहारनपुर में पार्टनर पर धमकी देने का आरोप:हिसाब पूरा होने के बाद भी 9 लाख रुपए मांगे, युवक ने SSP से सुरक्षा मांगी
सहारनपुर में सेकेंड हैंड मोबाइल के कारोबार में पार्टनरशिप खत्म होने के बाद दो युवकों के बीच विवाद हो गया। एक युवक ने अपने पूर्व पार्टनर पर फोन करके गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि दोनों के बीच कारोबार का हिसाब-किताब पहले ही पूरा हो चुका है, इसके बावजूद उससे 9 लाख रुपए बकाया बताकर मांगे जा रहे हैं। मामले में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे आकाश जैन पुलिस लाइन पहुंचा और एसएसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। आकाश ने आरोपी से अपनी जान-माल का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। उसका दावा है कि दोनों के बीच हुए ऑनलाइन लेनदेन और व्हाट्सएप चैट के रिकॉर्ड उसके पास मौजूद हैं, जिनसे पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है। एक साल पहले शुरू किया था मोबाइल का कारोबार थाना मंडी क्षेत्र की श्यामनगर कॉलोनी, बेहट रोड निवासी आकाश जैन के मुताबिक, करीब एक साल पहले उसने नेहरू मार्केट निवासी एक युवक के साथ सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदने और बेचने का कारोबार शुरू किया था। दोनों के बीच पार्टनरशिप थी। कारोबार से होने वाले मुनाफे का लेनदेन ऑनलाइन किया जाता था। दोनों एक-दूसरे के खातों में पैसे भेजते थे। आकाश का कहना है कि कुछ समय बाद उसके पार्टनर ने कारोबार से अलग होने का फैसला कर लिया। इसके बाद दोनों ने आपस में लेनदेन का हिसाब-किताब भी पूरा कर लिया था। पीड़ित के मुताबिक, अब उनके बीच कोई बकाया रकम नहीं है। डेढ़-दो महीने से फोन पर कर रहा परेशान आकाश का आरोप है कि पार्टनरशिप खत्म होने और हिसाब-किताब होने के बावजूद पिछले डेढ़ से दो महीने से उसे लगातार फोन करके परेशान किया जा रहा है। आरोपी फोन पर गाली-गलौज करता है और जान से मारने की धमकी देता है। साथ ही 9 लाख रुपए बकाया होने की बात कहकर रकम मांग रहा है। पीड़ित का दावा है कि उसके पास दोनों के बीच हुई व्हाट्सएप चैट और ऑनलाइन पैसों के लेनदेन का पूरा रिकॉर्ड है। इन दस्तावेजों से यह स्पष्ट हो सकता है कि कारोबार के दौरान कितनी रकम का लेनदेन हुआ और हिसाब-किताब किस तरह पूरा किया गया। एसएसपी से जांच और सुरक्षा की मांग आकाश ने शिकायती पत्र में आरोपी से अपनी जान-माल को खतरा बताया है। उसने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की गुहार लगाई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User