सोहरका दोहरे हत्याकांड में आज अंतिम बहस:अभियोजन की बहस पूरी, शेष आरोपियों की ओर से रखा जाएगा पक्ष
मेरठ में परतापुर क्षेत्र के सोहरका गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के मामले में आज एडीजे-18 की अदालत में सुनवाई होगी।बीती सुनवाई के दिन न्यायालय में अवकाश होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी थी। करीब आठ साल पुराने इस मामले में अभियोजन पक्ष की बहस पूरी हो चुकी है, जबकि कुछ आरोपियों की ओर से भी बहस की जा चुकी है। शेष आरोपियों की ओर से बहस होनी बाकी है। ऐसे में आज होने वाली सुनवाई पर पीड़ित परिवार की निगाहें टिकी हैं। मेरठ बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री और पूर्व शासकीय प्रवक्ता मुकेश कुमार मित्तल ने बताया कि मामला एडीजे-18 की अदालत में विचाराधीन है। अब शेष आरोपियों की ओर से बहस होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई का रास्ता साफ हो सकता है। 24 जनवरी 2018 को परतापुर क्षेत्र के सोहरका गांव में बलविंदर और उनकी मां निछत्तर कौर की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। यह मामला नरेंद्र चौधरी हत्याकांड से जुड़ा था। नरेंद्र की हत्या के मुकदमे में निछत्तर कौर वादी होने के साथ चश्मदीद गवाह भी थीं। उनके बेटे बलविंदर भी इस मामले में गवाह थे। आरोप था कि नरेंद्र चौधरी हत्याकांड में गवाही देने के कारण मां-बेटे की हत्या की गई। परिवार की ओर से गवाही से पीछे हटने के लिए दबाव बनाने और धमकी देने के आरोप भी लगाए गए थे। हालांकि, इन आरोपों पर अदालत का अंतिम निर्णय आना बाकी है। मुकेश कुमार मित्तल के मुताबिक, नरेंद्र चौधरी की हत्या के मामले में उन्होंने अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी की थी। उस मुकदमे में मालू और सबी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद मामले से जुड़े गवाहों की हत्या की वारदात हुई। अब बलविंदर और उनकी मां निछत्तर कौर की हत्या के मुकदमे में भी साक्ष्य की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अंतिम बहस चल रही है। करीब आठ साल से चल रहे इस मुकदमे में आज की सुनवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)