सोनभद्र में प्रसव के बाद विवाहिता की मौत:परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप, हालत बिगड़ने पर BHU भेजा

Oct 22, 2026 - 19:41
0
सोनभद्र में प्रसव के बाद विवाहिता की मौत:परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप, हालत बिगड़ने पर BHU भेजा
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद 29 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। परिजनों ने ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिला की मौत के बाद परिजन शव लेकर अस्पताल पहुंचे और कार्रवाई होने तक शव नहीं हटाने की बात कही। सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। समझाने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। 14 अक्टूबर को हुआ था सिजेरियन ऑपरेशन मृतक की पहचान चोपन थाना क्षेत्र के भभाइच गांव निवासी कंचन मौर्या (29), पत्नी मिथिलेश कुमार मौर्या के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, 14 अक्टूबर की भोर में कंचन को प्रसव के लिए रामा हॉस्पिटल फ्रैक्चर एंड सर्जिकल सेंटर में भर्ती कराया गया था। वहां सिजेरियन ऑपरेशन के बाद उसने बच्ची को जन्म दिया। परिजनों के अनुसार, नवजात का वजन कम होने के कारण उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की बात सामने आई। इसी दौरान कंचन की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। BHU में इलाज के दौरान हुई मौत मृतक के परिजन रंजीत सिंह के अनुसार, कंचन की हालत गंभीर होने पर 17 अक्टूबर को शाम करीब 5:30 बजे उसे वाराणसी स्थित बीएचयू अस्पताल ले जाया गया। वहां गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर रॉबर्ट्सगंज स्थित निजी अस्पताल पहुंचे और ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया। अस्पताल के पंजीकरण की भी होगी जांच स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी एवं एसीएमओ गुलाब शंकर ने बताया कि महिला की मौत के मामले की जांच कराई जाएगी। खून की कमी समेत अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल होगी। अस्पताल के पंजीकरण की स्थिति और चिकित्सक की योग्यता से जुड़े सवालों की जांच दस्तावेजों के आधार पर की जाएगी। उन्होंने बताया कि पंजीकरण से संबंधित मामला हाईकोर्ट में लंबित होने के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। इसकी भी पुष्टि की जाएगी। एसीएमओ के मुताबिक, परिजनों की शिकायत के आधार पर अस्पताल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User