श्रीकृष्ण-बलदेव की शोभायात्रा 15 नवंबर को निकलेगी:कुवलियापीड़ हाथी वध महोत्सव की तैयारियां पूरी, मथुरा में होगा आयोजन
मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण और बलदेव जी की भव्य शोभायात्रा 15 नवंबर को निकाली जाएगी। पारंपरिक कुवलियापीड़ हाथी वध महोत्सव को लेकर आयोजन समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को शाम करीब 6 बजे श्रीजी बाबा आश्रम में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के पदाधिकारियों ने महोत्सव की रूपरेखा साझा करते हुए श्रद्धालुओं और समस्त समाज के लोगों से शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। आयोजन समिति के अनुसार, शोभायात्रा स्वामी घाट से प्रारंभ होकर डोरी बाजार, चौक बाजार, मंडी रामदास और डीग गेट होते हुए श्रीकृष्ण जन्मस्थान के पीछे मल्लपुरा स्थित हाथी वध स्थल तक पहुंचेगी। शोभायात्रा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और बलदेव जी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े इस आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। शोभायात्रा के दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें केशवदेव मंदिर, गोपीनाथ मंदिर, कंस कारागार और योगमाया मंदिर सहित अन्य प्रमुख स्थल शामिल हैं। इन धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालु दर्शन कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। आयोजन के समापन पर संत-महात्माओं की उपस्थिति में आरती की जाएगी और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। सनातन परंपरा और धार्मिक आस्था का प्रतीक है महोत्सव कुवलियापीड़ हाथी वध महोत्सव समिति (पंजीकृत), मथुरा की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़ी परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। समिति ने सनातन धर्मावलंबियों से परिवार सहित शोभायात्रा में पहुंचकर धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाने का आह्वान किया। प्रेस वार्ता के दौरान समिति ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम मथुरा-वृंदावन, पत्रकारों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार जताया। समिति ने सभी से आपसी सहयोग और सहभागिता के साथ महोत्सव को भव्य बनाने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)