आबकारी कार्यालय की बाउंड्री पर भिड़े अधिवक्ता:बुधवार को गिराई, गुरुवार को फिर से बनी; वकील हड़ताल पर

Oct 22, 2026 - 20:47
0
आबकारी कार्यालय की बाउंड्री पर भिड़े अधिवक्ता:बुधवार को गिराई, गुरुवार को फिर से बनी; वकील हड़ताल पर
कानपुर के घाटमपुर में आबकारी विभाग के कार्यालय परिसर की बाउंड्री बनाए जाने को लेकर विभाग और अधिवक्ताओं के बीच विवाद गहरा गया है। अधिवक्ताओं ने बाउंड्री निर्माण से कचहरी का रास्ता बाधित होने का आरोप लगाया है। बुधवार शाम बाउंड्री गिराने की कोशिश की गई, जबकि गुरुवार को विभाग ने दोबारा बाउंड्री बनवा दी। इससे नाराज बार एसोसिएशन के अधिवक्ता अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। अधिवक्ताओं ने रास्ता खोले जाने तक हड़ताल जारी रखने की बात कही है। जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार के अनुसार, कार्यालय की जमीन को सुरक्षित करने के लिए बाउंड्री का निर्माण कराया जा रहा है। विभाग के पास करीब साढ़े 15 बिस्वा जमीन थी, जिसमें से वर्तमान में लगभग 12 बिस्वा ही बची है। उनका आरोप है कि विभाग की जमीन पर बस्ते बनाकर अतिक्रमण करने की कोशिश की जा रही थी। इसी को देखते हुए जमीन की सुरक्षा के लिए बाउंड्री बनवाई जा रही है।आबकारी अधिकारी ने बताया कि बुधवार को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव सिंह परमार की मौजूदगी में बाउंड्री गिरा दी गई थी। इसके बाद गुरुवार को विभाग की ओर से दोबारा बाउंड्री का निर्माण कराया गया। इस पर अधिवक्ताओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया और मामले को लेकर विवाद बढ़ गया। वहीं, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव सिंह परमार का आरोप है कि आबकारी विभाग द्वारा बाउंड्री बनाए जाने से कचहरी आने-जाने का रास्ता बंद हो रहा है। इससे अधिवक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक रास्ता नहीं खोला जाता, तब तक अधिवक्ता हड़ताल पर रहेंगे। विवाद के चलते अधिवक्ताओं की हड़ताल से न्यायालय के कामकाज पर भी असर पड़ने की आशंका है। फिलहाल, जमीन की सीमा और रास्ते को लेकर आबकारी विभाग तथा अधिवक्ताओं के बीच तनातनी बनी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User