चाकू से जेब काटकर नोटों की गड्डी छीनने की कोशिश:लिफ्ट के बहाने बाइक पर बैठाया, लूट की सूचना पुलिस को दी
लखनऊ के विभूतिखंड में गुरुवार दोपहर लिफ्ट लेने के बहाने एक युवक ने बाइक सवार दुकान कर्मचारी की जेब काट दी। आरोपी ने नोटों की गड्डी छीनने की कोशिश की, लेकिन कर्मचारी के बाइक रोकते ही वह छलांग लगाकर भागने लगा। इस दौरान नोट सड़क पर बिखर गए और कर्मचारी भी गिर पड़ा। उधर, घटना की सूचना मिलते ही दुकान मालिक ने 1.35 लाख रुपए लूटे जाने की जानकारी पुलिस को दे दी। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज की जांच में लूट की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। बैंक में जमा करने जा रहा था रुपये इंस्पेक्टर विभूतिखंड उपेंद्र सिंह ने बताया कि महानगर के रहीमनगर निवासी गोमती प्रसाद (55) ड्रीम बेवर्स नाम की शीशे की दुकान पर काम करते हैं। दुकान के मालिक अरुण तिवारी हैं। बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे गोमती प्रसाद मालिक के रुपये लेकर गोमतीनगर के हुसड़िया चौराहे स्थित एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक में जमा करने जा रहे थे। विभूतिखंड में लालबत्ती के पास दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। इनमें से एक युवक ने उन्हें चाचा कहकर लिफ्ट मांगी। गोमती प्रसाद ने उसे बाइक पर बैठा लिया। विजयपुर अंडरपास के पास पहुंचने पर युवक ने चाकू से उनकी पैंट की जेब काट दी और नोटों की गड्डी निकालने की कोशिश करने लगा। बाइक रोकते ही छलांग लगाकर भागा लालबत्ती होने पर गोमती प्रसाद ने बाइक रोकी तो उन्हें कुछ संदेह हुआ। पीछे मुड़कर देखा तो युवक नोटों की गड्डी लेकर बाइक से कूद गया। इस दौरान नोट सड़क पर बिखर गए और गोमती प्रसाद भी गिर पड़े। आसपास लोगों को आता देख आरोपी मौके से भाग निकला। घटना की जानकारी मिलने पर दुकान मालिक ने पुलिस को 1.35 लाख रुपये लूटे जाने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो लूट की पुष्टि नहीं हुई। सीसीटीवी में जेब काटता दिखा आरोपी इंस्पेक्टर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कर्मचारी काफी दूर से युवक को लिफ्ट देकर बाइक पर बैठाते हुए दिख रहा है। फुटेज में आरोपी जेब काटते हुए भी नजर आया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)