टेलीग्राम से 50 हजार की ठगी के 4 आरोपी गिरफ्तार:कौशांबी पुलिस ने 6 मोबाइल, 6 एटीएम कार्ड और 15 हजार रुपए जब्त किए

Nov 01, 2026 - 15:51
0
टेलीग्राम से 50 हजार की ठगी के 4 आरोपी गिरफ्तार:कौशांबी पुलिस ने 6 मोबाइल, 6 एटीएम कार्ड और 15 हजार रुपए जब्त किए
कौशांबी में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। टेलीग्राम ऐप के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से छह मोबाइल फोन, छह एटीएम कार्ड, एक बैंक पासबुक और 15 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। बैंक खाते से 50 हजार रुपए की हुई थी ठगी एसपी कौशांबी ने रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते 3 अक्टूबर को सरायअकिल थाना क्षेत्र के बुद्धपुरी निवासी सचिन रस्तोगी ने अपने बैंक खाते से 50 हजार रुपए की साइबर ठगी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर साइबर क्राइम थाना और सरायअकिल थाने की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी संसाधनों और इलेक्ट्रॉनिक अभिलेखों का विश्लेषण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद 31 अक्टूबर 2026 को गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। सीतापुर के रहने वाले हैं आरोपी गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदर्श मिश्र पुत्र रामकृष्ण मिश्र, पुनीत शुक्ला उर्फ अनुराग पुत्र दीनबंधु, सत्यम पुत्र राजेश और निखिल सिंह पुत्र विजय सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, चारों मूल रूप से सीतापुर जिले के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास से छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन, छह एटीएम कार्ड, एक बैंक पासबुक और 15 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। बैंक खाते खुलवाकर निकालते थे ठगी की रकम पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर टेलीग्राम ऐप के माध्यम से लोगों से साइबर ठगी करते थे। ठगी की रकम निकालने के लिए गिरोह के सदस्य भोले-भाले लोगों को पैसों का लालच देकर उनके बैंक खाते खुलवाते थे या उनके मौजूदा खातों का इस्तेमाल करते थे। इसके बदले वे खातों से जुड़े मोबाइल नंबर और सिम, एटीएम कार्ड व चेकबुक अपने पास रख लेते थे। इसके बाद एटीएम के जरिए ठगी की रकम निकालकर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचाई जाती थी। इस तरीके से गिरोह के सदस्य वास्तविक अपराधियों की पहचान छिपाने की कोशिश करते थे। पुलिस के मुताबिक, इसी तरीके से कौशांबी के सचिन रस्तोगी के खाते से 50 हजार रुपए की ठगी की गई थी। 8 राज्यों से 16 शिकायतें दर्ज होने की जानकारी दी एसपी ने बताया कि नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से भी आरोपियों से जुड़े खातों की जानकारी मिली है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों में से एक के बैंक खाते से संबंधित करीब आठ राज्यों में 16 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और साइबर ठगी से जुड़े मामलों की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User