अखिलेश बोले- जमीन बची नहीं, अंगद का पैर कहां रखोगे:यूपी वाले विदाई अच्छी करना जानते हैं; राहुल-ममता के साथ खुली कार में INDIA गठबंधन की रैली में पहुंचे
सपा प्रमुख अखिलेश यादव दिल्ली के रामलीला मैदान में SIR के विरोध में INDIA ब्लॉक की रैली में शामिल हुए। रैली में उन्होंने कहा- रामलीला मैदान आज लोकतंत्र की हल्दीघाटी बन गया है। यहां कई बार नया इतिहास लिखा गया है। एक बार फिर बदलाव आएगा। कभी भी परिवर्तन हो सकता है। यूपी के लोग स्वागत के साथ अच्छी विदाई भी करना जानते हैं। अखिलेश ने गृह मंत्री अमित शाह के 'अंगद का पैर' वाले बयान पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा, "जो लोग कहकर आए हैं कि अंगद का पैर है, वे जानते हैं कि जमीन ही नहीं बची है तो अंगद का पैर कहां रखोगे?" दरअसल, गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लखनऊ में कहा था कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार अंगद का पैर है, जिसे कोई नहीं हटा सकता है। अखिलेश ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू वोट कटने वाले बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जब रामलीला मैदान में जनसभा होने जा रही थी, उसी समय सीएम ने यह बयान दिया। यह रामलीला मैदान की रैली का असर है। भाजपा अपनी हार का ठीकरा किसी और पर फोड़ना चाहती है। इससे पहले अखिलेश यादव राहुल गांधी, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं के साथ खुली कार में सवार होकर रैली में पहुंचे। इस दौरान अखिलेश और ममता बनर्जी बराबर वाली सीट पर बैठे नजर आए। रैली में कुल 19 पार्टियों के नेता शामिल हुए। विपक्ष का मार्च दोपहर 12 बजे मिंटो जंक्शन से शुरू हुआ और दोपहर 3 बजे रामलीला मैदान पहुंचा। पिछले 25 दिनों में विपक्ष इस मुद्दे पर सातवीं बार एकजुट हुआ है। इससे पहले 6 से 13 अक्टूबर के बीच छह बार प्रदर्शन हो चुके हैं। अब पढ़िए अखिलेश यादव की बड़ी बातें। 1- 1.27 करोड़ वोट कटे तो हर विधानसभा में 31 हजार कम हुए मैं देख रहा हूं कि रामलीला मैदान में जो आवाज उठ रही है। जब से यह तय हुआ है कि रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन और उनके साथी एकजुट होकर उन तमाम लोगों के खिलाफ आवाज उठाएंगे, जिन्होंने देश के लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया है, तब से सुना है कि उन्हें भी याद आ गया है कि वे भी हमारे साथ शामिल होना चाहते हैं। जहां से मैं चुनकर आता हूं, उत्तर प्रदेश, वहां के बहुत सारे साथी यहां आए होंगे। वे जानते होंगे कि आज जब रामलीला मैदान में जनसभा होने जा रही थी, उसी समय उत्तर प्रदेश में भाजपा की तरफ से कहा गया कि 1 करोड़ 27 लाख हिंदू भाइयों के वोट काट दिए गए। सोचिए रामलीला मैदान की ताकत और INDIA गठबंधन की आवाज कि भाजपा के लोगों को भी याद आ रहा है कि अब उनके भी वोट कट गए हैं। अगर 1 करोड़ 27 लाख वोट कटे हैं और उसका गणित 403 विधानसभा सीटों में लगा दें, तो हर विधानसभा में 31 हजार वोट कम हुए हैं। सच्चाई तो यह है कि वे अपनी हार का ठीकरा किसी और के ऊपर डालना चाहते हैं। 2- जमीन ही नहीं बची तो अंगद का पैर कहां रखोगे? जो लोग कहकर आए हैं कि अंगद का पैर है, वे जानते हैं कि जमीन ही नहीं बची है तो अंगद का पैर कहां रखोगे? जो लोग डबल इंजन, डबल इंजन की सरकार कहते थे, मुझे खुशी है कि काशी की जनता ने उन्हें डबल जीरो दिया है। वे एक हार से संतुष्ट नहीं थे। यहां के साथी जानते होंगे कि दो रात, तीन दिन काउंटिंग हुई। वे अपनी चंडीगढ़ वाली चाल चलना चाहते थे, लेकिन कामयाब नहीं हुए। डबल इंजन वाले, डबल हार और डबल जीरो उन्हें उत्तर प्रदेश में मिला है। और वह क्षेत्र कौन सा है? जो लोग काशी के नाम से जानते होंगे, वे यह भी जानते होंगे कि वह क्योटो है। 3- भाजपा जानती है कि जनता के बीच अब जीत नहीं सकती हम और आपने देखा है कि लगातार भाजपा साजिश और षड्यंत्र कर रही है। वह जानती है कि जनता के बीच अब जीत नहीं सकती, तो उसने चुनाव आयोग के माध्यम से रास्ता अपनाया है। कौन नहीं जानता कि बंगाल का चुनाव लूटा गया है। बंगाल के चुनाव की तस्वीरें कोई भूल नहीं सकता कि लाखों की संख्या में फोर्स लगाकर और चुनाव से पहले SIR कराकर पूरे के पूरे वोट कटवा दिए गए थे। हम INDIA गठबंधन के लोग हार मानने वाले नहीं हैं। हमने इनको पकड़ा है, इनकी चोरी पकड़ी है। मुझे याद है कि 2022 में जब उत्तर प्रदेश में चुनाव हुआ था, हम सरकार नहीं बना पाए। उसका कारण यही था कि उन्होंने वोट चोरी किए थे। वोटर लिस्ट से नाम हटा दिए थे। जब चुनाव आयोग को बताया गया कि आपने हजारों वोट चिन्हित करके समाजवादी पार्टी के हटाए हैं, तो मुझे याद है कि उन्होंने मुझे नोटिस दिया था कि आप किस आधार पर कह रहे हैं कि हजारों वोट काट दिए गए हैं। मुझे याद है कि हमारे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और PDA प्रहरियों ने एक-एक बूथ पर जाकर उन वोटों को ढूंढने का काम किया। बहुत से ऐसे लोग थे, जिन्होंने 2019 में वोट डाले थे, लेकिन 2022 में वोट नहीं डाल पाए थे। हमने बाकायदा एफिडेविट देकर चुनाव आयोग को जानकारी दी कि देखिए, ये वोट काटे गए हैं। समाजवादी पार्टी की एक भी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। 4- रामलीला मैदान लोकतंत्र की हल्दीघाटी बन गया है जनसैलाब और जनसमर्थन देखकर कह सकता हूं कि आज रामलीला मैदान लोकतंत्र की हल्दीघाटी बन गया है। यह लोकतंत्र की हल्दीघाटी है और इस मैदान में कई बार नया इतिहास लिखा गया है। मैं कह सकता हूं कि यह जो जनसमर्थन दिखाई दे रहा है, इससे फिर बदलाव आएगा। ये इंकलाब के नारे गवाह हैं कि कभी भी परिवर्तन आ सकता है। हम आपसे कहना चाहते हैं कि जो लोग कभी यूपी से आए थे, वे यूपी से ही बाहर जाएंगे। यूपी वाले स्वागत अच्छा करते हैं, तो विदाई उससे बेहतर करते हैं। अभी लोकसभा में थोड़ी-बहुत विदाई की है, लेकिन आने वाले समय में 2027 में ऐसी विदाई होगी कि भाजपा और उसके सहयोगी लोग लौटकर नहीं आ पाएंगे। याद रहे, यह रामजी की लीला का मैदान है। हमने रामलीला में देखा है कि जो पापी है, उसका नाश होता है। रामजी के सामने वे पापी बचने वाले नहीं हैं। न केवल इनका नाश होने जा रहा है, बल्कि जिन्होंने रामजी का धन चुराया है, जिन्होंने चंदा चोरी की है, जिन्होंने चढ़ावा चोरी की है, उनका नाश तो होगा ही होगा। इस बार सर्वनाश होने जा रहा है। 5-न मूंछुआ बचने वाले हैं, न जुमलू सच्चाई यह है कि जब से यह बात आई है कि उत्तर प्रदेश में 1 करोड़ 27 लाख वोट कटे हैं, वे मन ही मन दिल्ली वालों पर ठीकरा फोड़ना चाहते हैं। वे जानते हैं कि हार होने जा रही है। वे हार अपने सिर पर नहीं लेना चाहते हैं और दिल्ली वालों पर हार छोड़ना चाहते हैं। लोग कहते हैं कि मुख्य चुनाव आयुक्त सबसे बड़ी कड़ी हैं। उस कड़ी के साथ देश की एक बहुत प्रतिष्ठित कंपनी भी साथ दे रही है। सोचिए, कितनी बड़ी साजिश होने जा रही है। हम यूपी के लोगों ने देखा है कि मूंछुआ आते थे। इस बार वोट मूंछुआ आए हैं। और यह वोट मूंछुआ और एक कोई जुमलू भी हैं। इस बार न मूंछुआ बचने वाले हैं, न जुमलू बचने वाले हैं। इन दोनों का अंत होने जा रहा है। 6- महंगाई रिकॉर्ड तोड़ रही है, बताएं आज रुपया कहां खड़ा है इस बार इनका अंत इसलिए होने जा रहा है, क्योंकि आज जो महंगाई रिकॉर्ड तोड़ हमें और आपको दिखाई दे रही है, जो लोग कभी डॉलर की कीमत को लेकर कहते थे कि डॉलर और रुपया कहां जा रहा है, वे बताएं कि आज हम दुनिया में कहां खड़े हुए हैं। जो लोग विश्वगुरु बनने की बात कह रहे थे, वे अपनी वोटर लिस्ट में हेराफेरी कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)