AMU छात्रसंघ चुनाव में पुनर्मतगणना की मांग पर पहली सुनवाई:कैबिनेट पद के हारे प्रत्याशियों ने उठाई आपत्ति, एक आवेदक की याचिका पर की सुनवाई
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) छात्रसंघ चुनाव में कैबिनेट पद की पुनर्मतगणना की मांग को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने शिकायतों का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार को डीएसडब्ल्यू कार्यालय में पुनर्मतगणना संबंधी एक एप्लीकेशन पर सुनवाई हुई। यह शिकायत कैबिनेट पद के उस प्रत्याशी की थी, जो मतों के आधार पर 11वें स्थान पर रहा था। उसने महज सात वोट से पीछे रहने और मतगणना के दौरान अपना एजेंट मौजूद नहीं होने पर सवाल उठाए। साथ ही अपनी आपत्ति के समर्थन में साक्ष्य भी पेश किए। 46 में से 10 को ही मिला था कैबिनेट में स्थान दरअसल, छात्रसंघ चुनाव में कैबिनेट के 46 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें सबसे ज्यादा वोट पाने वाले शीर्ष 10 प्रत्याशियों को निर्वाचित घोषित किया गया था। बाकी प्रत्याशी चुनाव हार गए। परिणाम घोषित होने के बाद हारे हुए प्रत्याशियों ने मतगणना की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि कैबिनेट प्रत्याशियों के एजेंटों की मौजूदगी के बिना मतों की गिनती की गई। ऐसे में मतगणना की पारदर्शिता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। शनिवार को यूनियन कार्यालय में किया था हंगामा इसी आपत्ति को लेकर शनिवार शाम कई हारे हुए प्रत्याशी यूनियन कार्यालय पहुंच गए थे। उन्होंने अधिकारियों के सामने पुनर्मतगणना की मांग रखी थी। इस दौरान काफी देर तक नोकझोंक और हंगामा हुआ था। प्रत्याशियों ने कहा था कि जब मतगणना के समय उनके एजेंट ही मौजूद नहीं थे तो परिणाम की निष्पक्षता कैसे सुनिश्चित हुई? इसके बाद डीएसडब्ल्यू कार्यालय ने लिखित शिकायत देने और रविवार दोपहर दो बजे तक सुनवाई का आश्वासन दिया था। बाकी शिकायतों पर अलग से होगा फैसला रविवार को डीएसडब्ल्यू कार्यालय में सुनवाई समिति के सामने 11वें स्थान पर रहे प्रत्याशी की एप्लीकेशन पर सुनवाई हुई। इस दौरान डीएसडब्ल्यू की पूरी टीम और कई प्रोफेसर मौजूद रहे। प्रत्याशी ने अपना पक्ष रखते हुए मतगणना में गड़बड़ी की आशंका जताई और साक्ष्य प्रस्तुत किए। वहीं, अन्य कैबिनेट प्रत्याशियों ने भी पुनर्मतगणना की मांग को लेकर एप्लीकेशन दी हैं। उनकी सुनवाई के लिए वीसी कार्यालय से अलग से आदेश जारी किया जाएगा। फिलहाल एक शिकायत पर सुनवाई हुई है, पुनर्मतगणना कराने का कोई निर्णय नहीं हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)