योगी से जॉइनिंग लेटर पाकर महिला अभ्यर्थी भावुक हुईं:लखनऊ की श्रृति बोलीं- गर्भवती हूं...अब भविष्य की चिंता नहीं; राजभर ने पूछा- सपा की लंका जलाओगे
लखनऊ में सीएम योगी ने 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को जॉइनिंग लेटर दिए। इस दौरान दो महिला अभ्यर्थी भावुक हो गईं। लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव ने रुंधे गले से कहा- मैं प्रेग्नेंट हूं। मुझे अपने बच्चे के भविष्य की चिंता थी, लेकिन अब कोई चिंता नहीं है। वहीं, गोरखपुर की ब्यूटी शाही ने कहा- मेरे घर की स्थिति अच्छी नहीं है। अब ठीक हो जाएगी। यह कहते हुए उनका भी गला भर आया। इससे पहले, पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा- अकेले हनुमानजी लंका जलाकर आ गए थे। रावण की पूरी ताकत का पता लगाकर आए थे। आप तो 1,375 लोग हैं। आप बताओ कि सपा और कांग्रेस की लंका जलाओगे या नहीं? आप घबराओ नहीं, हम रोज अकेले ही आग लगाते रहते हैं। 10 दिनों में 6,672 लोगों को मिली नौकरी राजभर बोले- नौकरी निकलते ही शिवपाल के चेले रेट तय करते थे पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सीएम के विजन से विभाग का चेहरा बदला है। 2017 से पहले यह विभाग कागजी विभाग या सफाई तक सीमित माना जाता था। आज हमारा विभाग 57 हजार ग्राम पंचायतों में विकास की सबसे बड़ी धुरी बन चुका है। 6,581 ग्राम पंचायत अधिकारियों की भर्ती की है। पंचायत सहायकों के मानदेय में वृद्धि की है। आधुनिक पंचायत सचिवालय तैयार किया है। बैंकिंग सेवा के लिए तहसील या ब्लॉक के चक्कर नहीं लगाने पड़ते हैं। ये सीएम योगी की देन है कि बिना पैसे के नौकरी मिली है। सपा की सरकार में जब भी नौकरी का विज्ञापन निकलता था, तो शिवपालजी के चेले-चमचे पूरे प्रदेश में निकलते थे। नौकरी का रेट तय करते थे, पैसा दोगे तो नौकरी मिलेगी। आप बताओ कि सपा का शासन अच्छा है या सीएम योगी का शासन अच्छा है। कांग्रेस-सपा के लोग वास्तव में मुर्दा हैं, 2027 में इन्हें साफ करना है राजभर ने कहा- अगर बिना पैसे के नौकरी चाहिए तो सीएम योगी को तीसरी बार सीएम बनाना है। कांग्रेस-सपा के लोग चिल्लाते हैं कि कुछ नहीं हो रहा है, इनके चश्मे का पावर कम होगा। मुझे खुशी है कि आज से दस साल पहले छात्राओं के पढ़ने की संख्या 40 फीसदी थी। आज 100 फीसदी छात्राएं पढ़ने जा रही हैं। सीएम तो कहते हैं कि यहां लड़की को छेड़ोगे तो आगे यमराज मिल जाएंगे। कांग्रेस-सपा के लोग वास्तव में मुर्दा हैं, जिंदा नहीं हैं। ये विचारधारा नहीं, विरोध और नफरत की राजनीति करना चाहते हैं। जनता भाईचारे की राजनीति करना चाहती है। 2027 में सपा को साफ करना है और कांग्रेस को हाफ करना है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)