युवक ने DCM रुकवाई, उसमें मिलीं भैंसें:रायबरेली में दो दर्जन भैंसें रस्सियों से बंधी थीं, दो लोग मौके से भागे
रायबरेली के लालगंज में रविवार सुबह करीब 10 बजे डीसीएम से खून टपकता देख बाइक सवार युवक ने उसे रुकवा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रक का डाला खोलने पर उसमें रस्सियों से बंधी दो दर्जन भैंसें मिलीं। ट्रक में सवार दो लोग मौके से भाग गए। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि भैंसों को काटने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। ऊंचाहार थाना क्षेत्र के भुसई का पुरवा मजरे इटौरा बुजुर्ग निवासी आदित्य किसी काम से कानपुर गया था। रविवार सुबह करीब 10 बजे वह बाइक से लौट रहा था। लालगंज-फतेहपुर नेशनल हाईवे पर उसने आगे जा रही डीसीएम से खून टपकते देखा और लालगंज पुलिस को सूचना दी। आदित्य के मुताबिक, ट्रक में सवार तीन लोगों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि शाहनवाज नाम का व्यक्ति उसे मरवा देगा और वह गाड़ी जाने दे। आदित्य के अपनी बात पर अड़े रहने पर ट्रक का डाला खोला गया।
ट्रक की बॉडी के सहारे रस्सियों से दो दर्जन भैंसें बंधी थीं। डाला खुलते ही दो भैंसें सड़क पर गिर गईं। राहगीरों की भीड़ जुटने पर ट्रक में सवार दो लोग भाग गए। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक निखिल यादव ने जानकारी ली। ट्रक चालक ने अपना नाम अंकित, पिता राजेंद्र, निवासी नबीपुर, थाना अकबरपुर, जिला कानपुर नगर बताया। अंकित ने बताया कि ट्रक में अलीगढ़ निवासी व्यापारी मुन्ना और एक मजदूर भी थे। दोनों मौके से भाग गए। वे अजुहा बाजार से मवेशी लादकर उन्नाव जा रहे थे। कोतवाल प्रमोद सिंह ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मवेशियों को ग्रामीणों की सुपुर्दगी में दिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)