कुलगाम में सेना का बड़ा एक्शन! लतीफ भट समेत दो आतंकी ढेर
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट समेत दो आतंकवादियों को मार गिराया। दोनों आतंकवादी हालिया सुरक्षा चौकी हमले के मामले में वांछित थे।
दि राइजिंग न्यूज़ | जम्मू-कश्मीर | 16 नवंबर 2026
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को सुरक्षा एजेंसियां कुलगाम में हुए हालिया हमले से जोड़कर देख रही थीं। इस कार्रवाई में दो आतंकवादियों के मारे जाने की खबर सामने आई है।
इससे पहले 11 नवंबर को कुलगाम के मीर बाजार के पास अखरान इलाके में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की चौकी पर आतंकियों ने गोलीबारी की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई थी। इसके बाद सेना, पुलिस और सीआरपीएफ ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया था।
मुठभेड़ के दौरान आतंकियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ओर से कई घंटों तक गोलीबारी हुई। जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकवादी मारे गए। उनके शव कब्जे में लेकर पहचान की गई, जिनमें लश्कर कमांडर लतीफ भट भी शामिल था।
बताया जा रहा है कि कुलगाम हमले के 24 घंटे के भीतर किश्तवाड़ जिले में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की भी हत्या कर दी गई थी। इन घटनाओं के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षाबल आतंकवादी गतिविधियों पर नजर रखते हुए अभियान चला रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)