पेंटर की मौत के बाद परिजनों का 4 घंटे चक्काजाम-हंगामा:ठेकेदार को जिम्मेदार बताकर आक्रोश, 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग

Nov 17, 2026 - 01:36
0
पेंटर की मौत के बाद परिजनों का 4 घंटे चक्काजाम-हंगामा:ठेकेदार को जिम्मेदार बताकर आक्रोश, 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग
वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के सेंट्रल जेल रोड स्थित सद्भावना बिहार कॉलोनी मोड़ पर एक नवनिर्मित मकान से गिरकर पेंटर आकाश ठाकुर (19 वर्ष) की मौत मामले में सोमवार को आक्रोशित परिजनों ने घटनास्थल पर चार घंटे तक धरना दिया। परिवार ने ठेकेदार पर मामले को कम रुपयों में दबाने का आरोप लगाते हुए 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है। कैंट पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कटेसर गांव का निवासी आकाश ठाकुर बीते 7 नवंबर को सेंट्रल जेल रोड स्थित सद्भावना बिहार कॉलोनी मोड़ पर पेंटिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक चौथी मंजिल से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मृतक आकाश की मां रेखा देवी और बहन नैना ने पुलिस को बताया कि एकमात्र आकाश ही परिवार का कमाने वाला सदस्य था। उनके पिता भरत की चार महीने पहले लंबी बीमारी से मौत हो गई थी। आकाश की मौत के बाद परिवार के सामने भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। परिवार ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार और अन्य लोग फोन पर ढाई लाख से चार लाख रुपये का समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। नैना ने कहा कि इतने कम पैसों में उनका गुजारा नहीं हो पाएगा। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि 14 नवंबर को मृतक की मां की तहरीर पर निर्माण कार्य कराने वाले खालिद बशीर के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित परिवार ने ठेकेदार पर मामले को रफा-दफा करने का आरोप लगाया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User