20 नवंबर को गोंडा आएंगे CM:राजन जी महाराज की श्रीराम कथा में होंगे शामिल; DM और SP ने देखी व्यवस्था
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 20 नवंबर को दोपहर करीब 2:00 बजे गोंडा जिले के जयप्रभा ग्राम पहुंचेंगे। वे यहां चल रही पूज्य राजन जी महाराज की श्रीराम कथा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है और तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार देर शाम करीब 6:00 बजे जिलाधिकारी रमेश रंजन और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया और समय से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। हेलीपैड, मंदिर परिसर और बुनियादी सुविधाओं की बारीकी से की जांच निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए बनाए जा रहे हेलीपैड, श्रीराम कथा पंडाल, मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों से अब तक हुए कार्यों की प्रगति जानी और मौके पर मौजूद अधिकारियों को हेलीपैड की व्यवस्था, साफ-सफाई, पार्किंग, पेयजल व विद्युत आपूर्ति को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें ताकि कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और वीआईपी मूवमेंट में कोई असुविधा न हो। चाक-चौबंद सुरक्षा और सुचारू यातायात नियंत्रण के लिए तैनात रहेगा पर्याप्त बल वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने सुरक्षा घेरे का निरीक्षण करते हुए अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल और आसपास के मार्गों पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, सुचारू यातायात प्रबंधन और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। कार्यक्रम के आयोजक महंत आलोक दास जी महाराज ने बताया कि आयोजक मंडल की ओर से भी सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं और 20 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोंडा आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)