न्यू नोएडा का चोला के पास बनेगा अपना ऑफिस:किसानों के लिए अलग कॉन्फ्रेंस हॉल होगा, यूपीसीडा से 2600 एकड़ जमीन खरीदेगा प्राधिकरण

Nov 19, 2026 - 06:36
0
न्यू नोएडा का चोला के पास बनेगा अपना ऑफिस:किसानों के लिए अलग कॉन्फ्रेंस हॉल होगा, यूपीसीडा से 2600 एकड़ जमीन खरीदेगा प्राधिकरण
न्यू नोएडा (डीएनजीआईआर) को बसाने की तैयारी अब जमीन पर उतरने लगी है। किसानों के बीच चौपाल लगाकर जमीन अधिग्रहण की सहमति बनाने के साथ ही प्राधिकरण ने नए शहर के लिए अपना कार्यालय तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। यह कार्यालय चोला के पास बनाया जाएगा। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) से करीब 2600 एकड़ जमीन खरीदेगा। इस जमीन में कुछ हिस्सा ऐसा भी है, जो न्यू नोएडा की अधिसूचित सीमा से बाहर है। प्राधिकरण उसे भी खरीदने की तैयारी कर रहा है। इस संबंध में जल्द ही यूपीसीडा के अधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसमें जमीन की खरीद और कीमत समेत अन्य बिंदुओं पर बातचीत की जाएगी। एक ही परिसर में होंगे सभी बड़े अधिकारियों के कार्यालय न्यू नोएडा के कार्यालय का ब्लू प्रिंट प्राधिकरण के सर्किल स्तर पर तैयार किया जा रहा है। इसमें सीईओ, एसीईओ और ओएसडी के कार्यालय बनाए जाएंगे। इसके अलावा संबंधित सर्किल कार्यालय और लेखपालों के बैठने की व्यवस्था भी होगी। अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए जरूरी प्रशासनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्राधिकरण की योजना है कि न्यू नोएडा से जुड़े सभी जरूरी काम इसी कार्यालय से संचालित किए जा सकें। इससे जमीन अधिग्रहण, विकास कार्यों और किसानों से जुड़े मामलों के निस्तारण में आसानी होगी। तैयार ब्लू प्रिंट को मंजूरी के लिए प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के सामने रखा जाएगा। अगले 15 दिनों में इसका फाइनल ब्लू प्रिंट तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों से बातचीत के लिए अलग कॉन्फ्रेंस हॉल नए कार्यालय में किसानों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए अलग से कॉन्फ्रेंस हॉल बनाया जाएगा। यहां प्राधिकरण के अधिकारी किसानों के साथ बैठक कर सकेंगे। जमीन अधिग्रहण, मुआवजे और अन्य समस्याओं को लेकर सीधे बातचीत की जा सकेगी। इससे किसानों को अपनी समस्याएं रखने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। 80 गांवों की जमीन पर बसेगा नया शहर न्यू नोएडा का मास्टर प्लान 209.11 वर्ग किलोमीटर यानी 20,911.29 हेक्टेयर क्षेत्र में तैयार किया गया है। इस शहर को बुलंदशहर और गौतमबुद्धनगर के 80 गांवों की जमीन पर विकसित किया जाना है। यहां करीब छह लाख की आबादी बसाने का लक्ष्य है। इसके लिए प्राधिकरण ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी है। किसानों के बीच चौपाल लगाकर उन्हें परियोजना की जानकारी दी जा रही है। सहमति लेने की कोशिश की जा रही है। चार चरणों में विकसित होगा न्यू नोएडा न्यू नोएडा को चार चरणों में विकसित करने की योजना है। पहले चरण में वर्ष 2023 से 2027 तक 3165 हेक्टेयर जमीन का विकास प्रस्तावित है। दूसरे चरण में 2027 से 2032 तक 3798 हेक्टेयर, तीसरे चरण में 2032 से 2037 तक 5908 हेक्टेयर और चौथे चरण में 2037 से 2041 तक 8230 हेक्टेयर क्षेत्र विकसित किया जाएगा। पहले चरण की समयसीमा नजदीक आने के कारण प्राधिकरण ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने की तैयारी की है। इसके लिए किसानों से संवाद के साथ प्रशासनिक ढांचे को भी तैयार किया जा रहा है। चोला के पास बनने वाला कार्यालय इसी दिशा में पहला कदम होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User