चिप्स चोरी का आरोप सह न सका 12 साल का मासूम, कीटनाशक खाकर दी जान
दि राइजिंग न्यूज। पश्चिम बंगाल, पंसकुरा । 23 मई, 2025 । सिर्फ एक चिप्स के पैकेट ने एक मासूम की ज़िंदगी छीन ली। पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर ज़िले के पंसकुरा इलाके में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले 12 साल के कृष्णेंदु दास ने गुरुवार को कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। उस पर एक दुकानदार ने चिप्स चोरी का आरोप लगाया था और भीड़ के सामने उसे बेइज्जत किया गया — यह अपमान उसकी नन्ही आत्मा सह नहीं सकी।
दि राइजिंग न्यूज। पश्चिम बंगाल, पंसकुरा । 23 मई, 2025 ।
सिर्फ एक चिप्स के पैकेट ने एक मासूम की ज़िंदगी छीन ली। पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर ज़िले के पंसकुरा इलाके में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले 12 साल के कृष्णेंदु दास ने गुरुवार को कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। उस पर एक दुकानदार ने चिप्स चोरी का आरोप लगाया था और भीड़ के सामने उसे बेइज्जत किया गया — यह अपमान उसकी नन्ही आत्मा सह नहीं सकी।
एक पैकेट चिप्स और टूट गई मासूमियत
गोसाईबर बाजार की एक दुकान से चिप्स का पैकेट उठाने पर दुकानदार शुभांकर दीक्षित ने न सिर्फ कृष्णेंदु को थप्पड़ मारे, बल्कि उसे सबके सामने उठक-बैठक करने की सज़ा भी दी। कृष्णेंदु बार-बार कहता रहा, "अंकल, मैं पैसे दे दूंगा", लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उसकी मां को बुलाया गया, उन्होंने भी भीड़ के सामने उसे डांट लगाई और थप्पड़ मारा।
"मां, मैं चोर नहीं हूं..."
घर लौटकर कृष्णेंदु ने अपने कमरे में खुद को बंद कर लिया। कुछ देर बाद जब दरवाज़ा तोड़ा गया तो उसके मुंह से झाग निकल रहा था और बगल में कीटनाशक की बोतल पड़ी थी। वहीं एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें लिखा था:
"मां, मैं चोर नहीं हूं। मैंने चोरी नहीं की। मुझे कुरकुरे बहुत पसंद हैं, इसलिए मैंने उसे उठा लिया। दुकानदार अंकल वहाँ नहीं थे। मैंने माफ़ी भी मांगी लेकिन मुझे झूठा कहा गया। प्लीज मुझे माफ़ कर देना।"
दुकानदार फरार, जांच जारी
दुकानदार शुभांकर दीक्षित, जो बंगाल पुलिस के ट्रैफिक विभाग में नागरिक स्वयंसेवक के रूप में भी कार्यरत था, घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और किशोर न्याय अधिनियम और मानवाधिकार उल्लंघन के तहत कार्रवाई की जा रही है।