झांसी में पति को झांसा, मकान बिकवाया फिर प्रेमी संग भागी, पति ने दी जान
दि राइजिंग न्यूज। झांसी, 22 अप्रैल 2025 ः उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी की बेवफाई और धोखे से मानसिक तनाव झेल रहे एक व्यक्ति ने करीब 150 फीट गहरी खदान में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रामगोपाल प्रजापति (55) के रूप में हुई है, जो झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित नंदनपुरा गली नंबर 7 का निवासी था।
दि राइजिंग न्यूज। झांसी, 22 अप्रैल 2025 ः
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी की बेवफाई और धोखे से मानसिक तनाव झेल रहे एक व्यक्ति ने करीब 150 फीट गहरी खदान में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रामगोपाल प्रजापति (55) के रूप में हुई है, जो झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित नंदनपुरा गली नंबर 7 का निवासी था।
पत्नी ने प्रेमी संग भागने से पहले बिकवाया घर
परिजनों के अनुसार, रामगोपाल की पत्नी निशा का किसी अन्य व्यक्ति से अफेयर था। इस बीच, करीब छह महीने पहले रामगोपाल ने 11 लाख रुपये में अपना घर बेचा था। सौदे के हिस्से के रूप में उसे करीब 3.80 लाख रुपये मिल चुके थे। कुछ ही दिन बाद उसकी पत्नी करीब 3 लाख रुपये लेकर दो बच्चों के साथ फरार हो गई। जांच में सामने आया कि वह अपने प्रेमी के साथ पहले ही विवाह कर चुकी थी।
डिप्रेशन में डूबे रामगोपाल ने बहन से की अंतिम बातचीत
घटना रक्सा थाना क्षेत्र के डेली गांव की है। 19 अप्रैल को रामगोपाल अपनी बहन क्रांति के घर गया था। जब उसकी बहन और बहनोई काम पर चले गए, तो वह घर में मौजूद अपनी 14 साल की भांजी से मिला। पानी पीने के बाद उसने भांजी से कहा, “आज मेरा आखिरी दिन है, अब नहीं मिलूंगा।” इसके बाद वह घर से निकल गया।
150 फीट गहरी खदान में लगाई छलांग, आज मिला शव
रात करीब 8 बजे गांव में स्थित एक 150 फीट गहरी खदान में रामगोपाल ने छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने उसे खदान में कूदते देखा और तत्काल परिजनों को सूचना दी। खदान में लगभग 60-70 फीट तक पानी भरा होने के कारण गोताखोरों को तलाश में कठिनाई आई। तीन दिन बाद आज सुबह शव पानी की सतह पर मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार में पसरा मातम, दो छोटे बच्चों को छोड़ गया पीछे
परिजनों के मुताबिक, रामगोपाल और निशा की शादी 25 साल पहले हुई थी। पहले बेटे की मृत्यु के बाद, निशा ने दो और बच्चों को जन्म दिया था, जिनकी उम्र अब 8 और 3 साल है। पति की मौत और पत्नी के फरार हो जाने से अब परिवार पूरी तरह टूट चुका है।