बौखलाया पाकिस्तान, भारतीय विमानों के लिए एयरस्पेस किया बंद

दि राइजिंग न्यूज। 24 अप्रैल 2025 ।  पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने एक के बाद एक कड़े फैसले लेते हुए पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया है। भारत की कार्रवाई से तिलमिलाए पाकिस्तान ने अब अपने एयरस्पेस को भारतीय विमानों के लिए बंद कर दिया है। इसके साथ ही पाकिस्तान ने भारतीय नागरिकों को दिए जाने वाले वीज़ा पर भी रोक लगा दी है।

बौखलाया पाकिस्तान, भारतीय विमानों के लिए एयरस्पेस किया  बंद

दि राइजिंग न्यूज। 24 अप्रैल 2025 । 

पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने एक के बाद एक कड़े फैसले लेते हुए पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया है। भारत की कार्रवाई से तिलमिलाए पाकिस्तान ने अब अपने एयरस्पेस को भारतीय विमानों के लिए बंद कर दिया है। इसके साथ ही पाकिस्तान ने भारतीय नागरिकों को दिए जाने वाले वीज़ा पर भी रोक लगा दी है।

हमले में 28 भारतीय पर्यटकों की दर्दनाक मौत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाई-लेवल बैठक बुलाई और स्पष्ट कर दिया कि आतंक के खिलाफ भारत अब चुप नहीं बैठेगा। इसके जवाब में भारत सरकार ने सिंधु जल समझौते पर रोक लगा दी, बाघा-अटारी बॉर्डर को बंद कर दिया और पाकिस्तानी नागरिकों के वीज़ा को भी रद्द कर दिया।

पाकिस्तान में मची खलबली, राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की आपात बैठक

भारत के कड़े रुख के बाद पाकिस्तान सरकार में हड़कंप मच गया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (NSC) की आपात बैठक बुलाई, जिसमें सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर, नौसेना प्रमुख और वायुसेना प्रमुख समेत देश के शीर्ष रक्षा अधिकारी शामिल हुए।

इस बैठक के बाद पाकिस्तान ने कुछ बेहद कड़े फैसले लिए:

  • भारतीय विमानों के लिए एयरस्पेस को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया।

  • भारतीय नागरिकों के सभी वीज़ा (सिख तीर्थयात्रियों को छोड़कर) निलंबित कर दिए गए।

  • बाघा सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है।

  • पाकिस्तान में मौजूद भारतीय नागरिकों को 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया गया है।

  • इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग की स्टाफिंग घटाकर 30 लोगों तक सीमित कर दी गई है।

  • भारतीय रक्षा, नौसेना और वायुसेना सलाहकारों को "अवांछित व्यक्ति" घोषित कर 30 अप्रैल तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है।

शिमला समझौते को रद्द करने की धमकी

पाकिस्तान ने भारत को एक और कूटनीतिक धमकी देते हुए कहा है कि यदि भारत ने सिंधु जल समझौते को वापस नहीं लिया, तो वह 1972 का शिमला समझौता रद्द करने पर मजबूर होगा। पाकिस्तान सरकार ने सिंधु जल को रोकने की भारत की घोषणा को "युद्ध जैसी कार्रवाई" करार दिया है।

भारत सरकार का स्पष्ट संदेश: आतंकवाद बर्दाश्त नहीं

विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारत अब किसी भी कीमत पर आतंक के खिलाफ नरमी नहीं बरतेगा। पाकिस्तान की जमीन से सक्रिय आतंकी संगठनों को समर्थन देना एक गंभीर मामला है, और इसका जवाब उसी स्तर पर दिया जाएगा।