आधी रात को आस्था का महास्नान:राधाकुंड में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़,अहोई अष्टमी पर निसंतान दंपत्तियों ने लगाई विश्वास की डुबकी

Nov 02, 2026 - 01:55
0
आधी रात को आस्था का महास्नान:राधाकुंड में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़,अहोई अष्टमी पर निसंतान दंपत्तियों ने लगाई विश्वास की डुबकी
संतान सुख की कामना और राधारानी पर अटूट विश्वास के साथ अहोई अष्टमी पर्व की आधी रात को निसंतान दंपत्तियों ने मथुरा के राधाकुंड में आस्था की डुबकी लगाई। रात 12 बजते ही घाटों पर इंतजार कर रहे दंपत्ति महास्नान करने लगे। राधाकुंड में स्नान के लिए देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी भक्त पहुंचे। मान्यता है कि राधाकुंड में अहोई अष्टमी के दिन स्नान करने से संतान का सुख प्राप्त होता है। देर शाम से ही जुटने लगी भीड़ मथुरा के गोवर्धन परिक्रमा में स्थित राधाकुंड पर अहोई अष्टमी की मध्य रात को महास्नान होता है। इस महास्नान को करने के लिए दंपत्ति देर शाम से ही राधाकुंड पहुंचने लगे। घड़ी में 12 बजते ही स्नान कर सकें इसके लिए वह घाटों पर बैठ गए। करीब डेढ़ किलोमीटर के घेरे में बने राधाकुंड के चारों तरफ स्नान के लिए आए भक्त ही भक्त नजर आए। नजारा ऐसा लग रहा था जैसे मिनी कुंभ लगा हो। 12 बजते ही होने लगा स्नान अहोई अष्टमी पर्व पर महास्नान करने पहुंचे दंपत्तियों को रात 12 बजे जैसे ही राधारानी के जयकारे सुनाई दिए वह कुंड में स्नान के लिए उतर गए। दंपत्तियों ने एक दूसरे का हाथ पकड़ कर विश्वास की डुबकी लगाई। इस दौरान दंपत्तियों ने मनोकामना मांगते हुए राधाकुंड में लाल कपड़े में बांधकर पैठे का फल राधाकुंड में अर्पित किया। कहा जाता है जो निसंतान दंपत्ति यहां स्नान करने के दौरान मनोकामना मांगते हैं उनकी सूनी कोख राधारानी भरती हैं। 8 साल से नहीं मिला संतान सुख अहोई अष्टमी पर्व पर राधाकुंड में स्नान करने आए गुजरात की कुसुम ने बताया शादी को 8 साल हो गए लेकिन संतान सुख नहीं मिला था। किसी ने बताया राधाकुंड में स्नान करने से संतान सुख की प्राप्ति होती है इसीलिए यहां आए। चंडीगढ़ से आए दंपत्ति टीना और उनके पति नीरज ने बताया उनकी शादी को 5 साल हो गए,डॉक्टरों को दिखाया लेकिन कुछ नहीं हुआ। परिवार के बुजुर्गों ने बताया यहां के बारे में जिसके बाद मन में आस्था लिए यहां आए हैं,स्नान किया,राधारानी से मनोकामना मांगी है। व्यवस्थाओं से श्रद्धालु दिखे संतुष्ट राधाकुंड पर होने वाले महास्नान के लिए मध्यप्रदेश से आईं रागिनी ने बताया कि यहां व्यवस्थाएं बहुत बेहतर हैं। पुलिस,स्थानीय लोग सभी अच्छे से सहयोग कर रहे हैं। भीड़ को देखकर ऐसा लग रहा था यहां भगदड़ हो सकती है,लेकिन 5 मिनट में स्नान कर बाहर निकल आए,किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हुई। जयपुर से आए नीरज चोपड़ा ने बताया कि बुजुर्गों ने यहां की मान्यता के बारे में बताया था यहां आए अच्छे से स्नान किया,व्यवस्था बहुत बेहतर की हुई है, किसी को कोई दिक्कत नहीं हो रही। सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम राधाकुंड में महास्नान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पूरे क्षेत्र को 4 सुपर जोन,13 जोन और 31 सेक्टर में बांटा गया। भीड़ का दबाव न पड़े इसके लिए 30 होल्डिंग एरिया बनाए गए। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के DIG आगरा शैलेश पांडे पूरे मेला क्षेत्र में नजर रखे हुए थे। DM चंद्र प्रकाश सिंह और SSP श्लोक कुमार राधाकुंड कस्बे में पैदल घूमकर भीड़ को व्यवस्थित कर रहे थे। DIG शैलेश पांडे ने बताया श्रद्धालुओं को रोक रोक कर कुंड पर स्नान के लिए भेजा गया। घाटों पर फ्लड PAC,स्थानीय गोताखोरों के अलावा पुरुष और महिला पुलिस कर्मी तैनात हैं। पूरे मेला क्षेत्र पर 36 CCTV कैमरे और ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही है। राधाकुंड में महास्नान के लिए एक लाख से ज्यादा दंपत्ति पहुंचे थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User