मेरठ की सातों विधानसभा पर चुनाव लड़ेगा इंडियन जनसेवा दल:समाज की एकजुटता पर जोर, सामाजिक न्याय को बनाएगा चुनावी मुद्दा
मेरठ में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मेरठ की राजनीति में नए मोर्चे की एंट्री हुई है। इंडियन जनसेवा दल ने जिले की सातों विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इसके लिए सामाजिक न्याय के मुद्दे पर कर्पूरी मोर्चे का गठन किया गया है। मोर्चे के पदाधिकारियों ने वंचित वर्गों को राजनीतिक भागीदारी दिलाने और समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट करने की बात कही। रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में इंडियन जनसेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनेश ठाकुर ने कहा कि उनका उद्देश्य उन जातियों और वर्गों को सत्ता में उचित प्रतिनिधित्व दिलाना है, जिन्हें आजादी के बाद से राजनीतिक भागीदारी नहीं मिल सकी है। उन्होंने कहा कि उनका चुनावी आधार जातिवाद नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय है। इस दौरान कर्पूरी मोर्चे के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सामाजिक न्याय पार्टी के देवेंद्र कश्यप को सौंपी गई। बैठक में राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के बुद्ध प्रकाश सैनी, राजेश तुराहा सहित कई नेता मौजूद रहे। नेताओं ने सैन, पाल, प्रजापति, कश्यप, तुराहा, सैनी और कुशवाहा समाज की एकजुटता पर जोर दिया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय कई बड़े राजनीतिक दल इन समाजों को टिकट देने का आश्वासन देते हैं, लेकिन चुनाव के बाद अपने वादे पूरे नहीं करते। उन्होंने समाजवादी पार्टी सहित अन्य दलों पर भी वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी मोर्चा ऐसे वर्गों को राजनीतिक विकल्प देने का प्रयास करेगा, जिन्हें अब तक अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। मेरठ की सातों विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारकर संगठन अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में है। बैठक में आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। विनेश ठाकुर ने कहा कि आरक्षण लागू होने के बावजूद यदि कुछ वर्ग अपेक्षित प्रगति नहीं कर पाए हैं, तो इसके लिए सरकारों को जवाबदेह होना चाहिए। आरक्षण का लाभ वास्तविक जरूरतमंद और वंचित वर्गों तक प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी के चुनाव आयोग से जुड़े विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक ड्रामा बताते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को बेरोजगारी, शिक्षा और आर्थिक अवसर जैसे मुद्दों पर काम करना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)