अधिवक्ता हत्याकांड में तीन आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार:दो के पैर में लगी गोली, कार की निशानदेही कराने जंगल पहुंची पुलिस

Nov 01, 2026 - 23:23
0
अधिवक्ता हत्याकांड में तीन आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार:दो के पैर में लगी गोली, कार की निशानदेही कराने जंगल पहुंची पुलिस
जालौन में कालपी बार संघ के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार के अपहरण और हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रविवार रात करीब 10:45 बजे कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हूपुर-मदारीपुर जंगल में खन्ना फार्म हाउस के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी आशीष विश्वकर्मा और सर्वेश शुक्ला के पैर में गोली लग गई, जबकि तीसरे आरोपी को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। जमीन की रंजिश में किया था अपहरण एएसपी डॉ. ईशान सोनी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को जमीन की रंजिश के चलते कालपी थाना क्षेत्र से बार संघ अध्यक्ष गयादीन अहिरवार का अपहरण कर लिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस, स्वॉट, एसओजी और थाना पुलिस की चार टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। रविवार एक नवंबर की सुबह पुलिस ने तीन आरोपियों को कानपुर से गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर अपहृत अधिवक्ता का शव और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया गया। कार बरामद कराने जंगल ले गई थी पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल कार कालपी क्षेत्र के जंगल में छिपाई गई है। इसके बाद पुलिस टीम आरोपियों को लेकर कार बरामद करने पहुंची। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान रात के अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपियों ने झाड़ियों में पहले से छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दो आरोपी घायल पुलिस ने आत्मरक्षा में छह राउंड जवाबी फायरिंग की। इसमें आशीष विश्वकर्मा और सर्वेश शुक्ला के पैर में गोली लगी। वहीं, तीसरे आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। इसके लिए सीसीटीएनएस और स्थानीय थाने के अभिलेखों की मदद ली जा रही है। साथ ही अधिवक्ता की हत्या के पीछे की मुख्य वजह और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User