आगरा के बाह में 400 मीटर ट्रैक का बनेगा स्टेडियम:विधायक रानी पक्षालिका ने CM का आभार जताया, बोलीं- चुनाव से पहले शिलान्यास कराने का रहेगा प्रयास

Nov 19, 2026 - 17:13
0
आगरा के बाह में 400 मीटर ट्रैक का बनेगा स्टेडियम:विधायक रानी पक्षालिका ने CM का आभार जताया, बोलीं- चुनाव से पहले शिलान्यास कराने का रहेगा प्रयास
आगरा में भदावर हाउस में गुरुवार को बाह की विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने बाह में कैबिनेट से स्टेडियम बनने के फैसले पर सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्टेडियम बनने के बाद बाह तहसील से देशभर के लिए नेशनल खिलाड़ी निकलेंगे। उगनपुरा में बनेगा स्टेडियम विधायक ने बताया कि बाह विधानसभा क्षेत्र की जनता की बहुप्रतीक्षित मांग पर ग्राम उगनपुरा में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम बनेगा। इसके लिए खेल विभाग को 40 बीघा निःशुल्क भूमि हस्तांतरित करने का प्रस्ताव कैबिनेट में पारित हो गया है। इससे निर्माण की बाधाएं दूर हो गई हैं। उन्होंने कहा कि मैं मिनी स्टेडियम नहीं चाहती थी। मिनी स्टेडियम का ट्रैक 200 मीटर का होता है। मैं कम से कम 400 मीटर का ट्रैक चाहती थी, जिसे बड़ा स्टेडियम माना जाता है। जमीन ढूंढने में थोड़ा समय लगा। बाह ऐसी जगह है, जहां बहुत खिलाड़ी हैं। यहां नेशनल और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट हैं, अर्जुन अवॉर्डी भी हैं। वॉलीबॉल यहां का बड़ा खेल है। डिस्कस में एशियाई गोल्ड मेडलिस्ट भी यहीं से हैं। बटेश्वर में 240 करोड़ से बनेगा कॉरिडोर विधायक ने बताया कि बटेश्वर में करीब 240 करोड़ रुपये की लागत से कॉरिडोर का निर्माण होगा। इससे क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विकास को नई दिशा मिलेगी। बटेश्वर की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा मिलेगी। इसके अलावा भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में सांस्कृतिक संकुल केंद्र की स्थापना भी क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। 13.55 करोड़ से हुआ सड़क का उच्चीकरण विधायक ने बताया कि करीब 13 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से आगरा-बाह-कचौरा मार्ग से भाऊपुरा गंगावली मार्ग के उच्चीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया है। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। चुनाव से पहले हो शिलान्यास का प्रयास विधायक ने कहा कि पूरा प्रयास है कि स्टेडियम का शिलान्यास विधानसभा चुनाव से पहले हो जाए। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव का दिल की गहराइयों से धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि दो नदियों के बीच होने के कारण बाह में जमीन मिलना बड़ा मुश्किल काम है। इसलिए इतनी देर लगी। इसका फायदा पूरी तहसील को होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User