मिशन-2027 का शंखनाद:भाजपा ने शुरू की तीसरी बार सत्ता में वापसी की तैयारी,राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बोले– कार्यकर्ताओं के परिश्रम से फिर बनेगी भाजपा सरकार
मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश योजना बैठक के दूसरे दिन मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर संगठन को विजय का मंत्र दिया। बैठक में प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में आगामी तीन महीनों की संगठनात्मक कार्ययोजना, जनसंपर्क अभियान, बूथ सशक्तीकरण, सहयोगी दलों के साथ समन्वय तथा चुनावी तैयारियों पर व्यापक मंथन हुआ। मुख्यमंत्री ने किया स्वागत राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मथुरा आगमन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष ने परिसर में स्थापित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके उपरांत सभागार में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण स्मरण किया गया। तैयारियों को बूथ स्तर तक करें मजबूत बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की तैयारियों को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा। कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनकी सक्रियता, समर्पण और अथक परिश्रम के बल पर ही भाजपा लगातार जनविश्वास प्राप्त कर रही है। उन्होंने संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने, व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया। राधे राधे कमल खिला दे का दिया नारा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि समर्पित कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेगी।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश योजना बैठक के दूसरे दिन की शुरुआत राधे-राधे और कमल खिलाने के संकल्प के साथ हुई है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम सहित किसी भी विपक्षी दल के पास उत्तर प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण का कोई ठोस विकल्प नहीं है। कृष्ण जन्मभूमि पर बने भव्य मंदिर दो दिवसीय योजना बैठक में सूत्रों के मुताबिक श्री कृष्ण जन्मस्थान पर भव्य मंदिर बनाने को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में मौजूद ज्यादातर पदाधिकारियों ने अपना भाव रखते हुए कहा कि कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर बनना चाहिए। इस पर पार्टी के रणनीतिकारों ने कहा मामला न्यायालय में लंबित है,मामले का निपटारा होने के बाद भव्य मंदिर का निर्माण होगा। काशी,अयोध्या के बाद मथुरा का तीसरा एजेंडा पूरा होगा। इसके साथ ही तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। संकल्प पत्र में कर सकती है भाजपा श्री कृष्ण जन्मस्थान का जिक्र भाजपा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक जल्द ही पार्टी श्री कृष्ण मंदिर निर्माण की बात का जिक्र संकल्प पत्र में कर सकती है। इस योजना बैठक में तीसरी बार प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने का संकल्प दोहराया गया। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए व्यापक रणनीति पर काम करने के निर्देश पदाधिकारियों को दिए गए। इसके अलावा हर ब्लॉक में पार्टी चौपाल करेगी। जिसमें SIR, EVM और विपक्ष के नेरेटिव को एक्सपोज कार्यकर्ता करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)