आगरा में शिक्षकों की तीसरी पदोन्नति सूची में भी सैकड़ों-गलतियां:सचिव का आदेश दरकिनार कर अपने नियम चला रहे बाबू, हाईकोर्ट जाएंगे शिक्षक
आगरा के बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापकों की पदोन्नति प्रक्रिया विवादों में घिर गई है। विभाग की ओर से जारी तीसरी वरिष्ठता सूची में भी सैकड़ों-हजारों त्रुटियां सामने आई हैं। 800 से अधिक आपत्तियां दर्ज कराने के बावजूद सूची में सुधार नहीं किया गया। शिक्षकों का आरोप है कि शासन और बेसिक शिक्षा परिषद के स्पष्ट निर्देशों को दरकिनार कर वरिष्ठता तय की गई है। गुरुवार को दस्तावेज जमा करने के लिए महज एक दिन का समय दिए जाने से बीएसए कार्यालय में शिक्षकों की भीड़ जुट गई। शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि त्रुटिपूर्ण वरिष्ठता सूची के आधार पर पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई तो वे बीएसए और संबंधित पटल बाबुओं के खिलाफ हाईकोर्ट में रिट और अवमानना याचिका दाखिल करेंगे। सचिव के आदेश के बावजूद वरिष्ठता निर्धारण में गड़बड़ी शिक्षकों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने 16 अक्टूबर को वरिष्ठता निर्धारण को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए थे। इसके अनुसार 68500 शिक्षक भर्ती के तहत नवीन जनपद आवंटन पाने वाले शिक्षकों की वरिष्ठता उनकी प्रथम नियुक्ति तिथि से तय होनी थी। वहीं, सामान्य प्रक्रिया से अंतरजनपदीय स्थानांतरण कराकर आए शिक्षकों की वरिष्ठता नए जिले में कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से निर्धारित की जानी थी। नियम-22 के तहत अंतरजनपदीय स्थानांतरण से आए शिक्षकों को नए जिले की वरिष्ठता सूची में नीचे रखा जाना चाहिए। आरोप है कि 1504 शिक्षकों की जारी सूची में इस नियम का पालन नहीं किया गया। 2005, 2009 और 2011 बैच के दूसरे जिलों से आए शिक्षकों को पुरानी नियुक्ति तिथि का लाभ देकर आगरा के मूल शिक्षकों से ऊपर स्थान दे दिया गया। दूसरे जिले की नियुक्ति तिथि को बना दिया वरिष्ठता का आधार सूची में कई उदाहरणों से गड़बड़ी सामने आने का दावा किया गया है। अकोला ब्लॉक की रुचि सक्सेना क्रमांक 94 पर हैं। उनकी मूल नियुक्ति 10 फरवरी 2009 को बुलंदशहर में हुई थी, जबकि आगरा में उन्होंने 31 अगस्त 2012 को कार्यभार ग्रहण किया। इसके बावजूद उनकी वरिष्ठता तिथि 20 फरवरी 2009 दर्ज की गई। इसी तरह अछनेरा के सुशील सारस्वत की कासगंज में नियुक्ति और आगरा की वरिष्ठता तिथि दोनों 1 जुलाई 2011 दर्ज हैं। अछनेरा की दीपशिखा यादव की एटा में नियुक्ति और आगरा की वरिष्ठता तिथि भी 16 नवंबर 2015 अंकित है। शिक्षकों का आरोप है कि कई मामलों में दूसरे जिले की नियुक्ति तिथि को ही आगरा की वरिष्ठता तिथि मान लिया गया। टीईटी में ‘NO’ फिर भी सूची में नाम वरिष्ठता सूची में टीईटी संबंधी निर्देशों की अनदेखी का भी आरोप है। शिक्षकों के मुताबिक, हाईकोर्ट के आदेश और परिषद के 16 अक्टूबर के निर्देशों के अनुसार पात्रता सूची में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक टीईटी उत्तीर्ण होने का विवरण अनिवार्य था। बिना टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों को सूची से बाहर रखा जाना था। इसके बावजूद सूची में कई शिक्षकों के दोनों टीईटी कॉलम में ‘NO’ दर्ज है। इनमें अकोला के क्रमांक एक पर नेत्र सिंह और बरौली अहीर के क्रमांक 33 पर सुधा यादव का नाम शामिल बताया गया है। सैकड़ों शिक्षकों के टीईटी उत्तीर्ण वर्ष में ‘0’ और ‘2026’ जैसी प्रविष्टियां भी दर्ज हैं। शिक्षकों का यह भी आरोप है कि एसआईटी जांच के दायरे में आने वाले और निलंबित शिक्षकों के नाम भी सूची से नहीं हटाए गए। वहीं, 137 पन्नों की आधिकारिक पीडीएफ में पेज 45 से 137 तक खाली होने का मामला भी उठाया गया है। बरौली अहीर, अकोला और खैरागढ़ में सबसे ज्यादा गड़बड़ी शिक्षकों के अनुसार, बरौली अहीर, अकोला और खैरागढ़ ब्लॉक में सबसे अधिक डेटा संबंधी त्रुटियां हैं। परिषद के आदेश के मुताबिक, 15 दिन में आपत्तियों का निस्तारण कर 7 नवंबर 2026 तक पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होनी थी। इसके बावजूद नवंबर का तीसरा सप्ताह आने तक संशोधित सूची जारी नहीं हो सकी। गुरुवार को दस्तावेज जमा करने के लिए केवल एक दिन का समय दिए जाने से शिक्षकों को परेशानी हुई। उनका आरोप है कि पटल बाबुओं की ओर से गलत डेटा फीड किया गया। बार-बार लिखित आपत्तियां देने के बाद भी न तो सुधार हुआ और न ही जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई। साक्ष्यों के साथ हाईकोर्ट जाने की तैयारी शिक्षकों का आरोप है कि बाहरी जिलों से आए कनिष्ठ शिक्षकों को लाभ पहुंचाने के लिए वरिष्ठता सूची में जानबूझकर गड़बड़ी की गई है। वे सूची में दर्ज त्रुटियों के साक्ष्य बेसिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक ईमेल पर भेज रहे हैं। शिक्षकों ने स्पष्ट किया है कि पारदर्शी तरीके से सूची में संशोधन नहीं हुआ और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे पूरी सूची को साक्ष्य बनाकर हाईकोर्ट का रुख करेंगे। इस मामले में फिलहाल बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)