आगरा में वाल्मीकि जयंती पर निकली शोभायात्रा:पालकी के आगे झाड़ू लगाते चले लोग, जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा
आगरा में सोमवार को भगवान वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई गई। सुबह घटिया आजम खां से शोभायात्रा निकाली गई, जो एमजी रोड होते हुए सुभाष पार्क के सामने स्थित वाल्मीकि वाटिका पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में 100 से ज्यादा लोग शामिल हुए। भगवान वाल्मीकि के जीवन पर आधारित दर्जनों झांकियां सजाई गईं। सबसे आगे भगवान वाल्मीकि की पालकी चल रही थी, जिसके सामने समाज के लोग झाड़ू लगाते हुए चल रहे थे। रास्ते में जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। लोगों ने पालकी पर फूल बरसाए। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा। शाम को नगर निगम परिसर से जयंती की बड़ी शोभायात्रा निकाली जानी है। भगवान वाल्मीकि के बताए मार्ग पर चलने का संदेश वाल्मीकि महापंचायत के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा में शामिल लोगों ने कहा कि भगवान वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से समाज को ज्ञान दिया। उनके बताए मार्ग पर चलकर शिक्षा और संस्कारों को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आगरा में हर साल प्रभात फेरी और शोभायात्रा निकालकर जयंती मनाई जाती है। गौरव वाल्मीकि ने बताया कि जयंती पर शहर में दिनभर कार्यक्रम होंगे। शाम 4 बजे नगर निगम परिसर से बड़ी शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल होंगे। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)