आजमगढ़ में 118 किलो अवैध पटाखों के साथ चार गिरफ्तार:ई-रिक्शा ट्राली भी जब्त, जिले में लगातार चल रहा है अभियान
आजमगढ़ जिले में दीपावली पर्व के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मुबारकपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अमिलो मोड़ के पास चेकिंग के दौरान 118 किलोग्राम अवैध पटाखों के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 2.66 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने पटाखों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बैटरी चालित ई-रिक्शा ट्राली को भी जब्त कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मुबारकपुर पुलिस को क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक ई-रिक्शा ट्राली में अवैध पटाखे ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने अमिलो मोड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ई-रिक्शा ट्राली को रोक लिया। तलाशी लेने पर उसमें बोरियों में भरकर ले जाए जा रहे विभिन्न प्रकार के 118 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर मौजूद चार लोगों से पटाखों के परिवहन और बिक्री से संबंधित लाइसेंस और वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं चारों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेमचंद पटवा उर्फ गुड्डुन (42), बिंदु गौड़ (55), राहुल गुप्ता (24) और विशाल गुप्ता (20) निवासी मुबारकपुर क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बरामद पटाखों में फुलझड़ी, मैजिक पॉप-अप, बीड़ी पटाखा, माचिस पटाखा, मिनी बुलेट, चरखी, रॉकेट और मिर्ची पटाखा समेत कई प्रकार की आतिशबाजी शामिल हैं। मौके से पटाखों के परिवहन में प्रयुक्त ई-रिक्शा ट्राली संख्या UP 50 FT 3251 भी बरामद की गई है। इस मामले में थाना मुबारकपुर में मुअसं 0389/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 5/9(ख) में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)