आकाश अग्रवाल बोले- बूथ-कैप्चर किए, लेकिन हरा नहीं पाए:आगरा में रोने वाले MLC ने कहा- शिक्षकों के भरोसे जीता चुनाव, सभी लिए करूंगा काम
आगरा में MLC डॉ. आकाश अग्रवाल ने अपनी जीत का श्रेय शिक्षकों और सपा कार्यकर्ताओं को दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव में सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल हुआ। शिक्षकों और प्रधानाचार्यों पर दबाव बनाया गया, उन्हें लालच दिया गया। कुछ बूथों पर कैप्चरिंग हुई, लेकिन परिणाम पर इसका असर नहीं पड़ा। दैनिक भास्कर से बातचीत में आकाश ने कहा कि सरकारी व्यवस्था को लेकर मेरे मन में अच्छी छवि थी, लेकिन चुनाव में हुई घटनाओं से मुझे निराशा हुई, इसीलिए मैंने भावुक होकर धर्म परिवर्तन से जुड़ा बयान दिया। आकाश ने उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय से वैश्य समाज पर टिप्पणी के लिए माफी मांगने की मांग की। वहीं, उन्होंने कहा कि अब सभी शिक्षकों के हित में काम करेंगे, चाहे उन्होंने किसी को भी वोट दिया हो। पुरानी पेंशन, कैशलेस इलाज और शिक्षकों के अधिकार मेरी प्राथमिकता होंगे। आकाश अग्रवाल ने भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी को 4,263 मतों से हराया है। पढ़िए पूरी बातचीत….. सवाल: आप अपनी जीत का श्रेय किसे देंगे?
जवाब: मैं अपनी जीत का श्रेय 12 जिलों के शिक्षकों, ईश्वर के आशीर्वाद और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को देता हूं। कार्यकर्ताओं ने बूथों पर गड़बड़ी रोकने और मतगणना में बेईमानी न होने देने के लिए काम किया। इनकी वजह से मैं जीता, वरना जीत असंभव लग रही थी। सवाल: आपने चुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया था।
जवाब: शिक्षकों और प्रधानाचार्यों पर दबाव बनाया गया और लालच दिया गया। कुछ बूथों पर कब्जा करने की कोशिश हुई, लेकिन नतीजा नहीं बदल सका। निर्वाचन आयोग ने 3 बूथों पर दोबारा मतदान कराया। सवाल: चुनाव के दौरान रोने वाला आपका वीडियो क्या जीत की वजह बना?
जवाब: ऐसा नहीं है। मैं फतेहाबाद, सैंया और खेरागढ़ में बूथ कैप्चरिंग की शिकायत लेकर मंडलायुक्त कार्यालय गया था। उस समय दोपहर के करीब 3 बजे थे। वीडियो शिक्षकों तक पहुंचने से पहले ही मतदान खत्म होने का समय हो गया था। वीडियो से वजह से नहीं, मुझे जीत शिक्षकों के भरोसे और उनके वोट से मिली है। सवाल: चुनाव के दौरान धर्म परिवर्तन वाला बयान क्यों दिया था?
जवाब: जब किसी के मन में किसी व्यक्ति या व्यवस्था की अच्छी छवि बन जाती है और वह छवि टूटती है, तो दुख होता है। मुझे उम्मीद थी कि सरकार आतंकवादियों और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ काम करेगी और सुशासन लाएगी, लेकिन चुनाव के दौरान जो परिस्थितियां सामने आईं, उनसे मुझे निराशा हुई। उसी भाव मैंने बयान दिया। सवाल: इस चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा क्या रहा, जिसने आपको जीत दिलाई?
जवाब: शिक्षकों का विश्वास, ईश्वर का आशीर्वाद और समाजवादी पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं का सहयोग। राष्ट्रीय अध्यक्ष का समर्थन भी महत्वपूर्ण रहा। मैं सभी शिक्षकों और कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। सवाल: उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय से आपकी नाराजगी क्या है?
जवाब: मैं उनका सम्मान करता हूं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वे वैश्य समाज पर टिप्पणी करें। इस समाज ने देश और समाज के लिए योगदान दिया है। मेरा आरोप है कि मेरे वैश्य समाज से आने के कारण समाज पर टिप्पणी की गई। मैं चाहता हूं कि मंत्री जी समाज से माफी मांगें। सवाल: माफी नहीं मांगी गई तो क्या करेंगे?
जवाब: मैंने चुनाव से पहले अपने साथियों से अपील की थी कि वे विरोध दर्ज कराएं और दूसरे लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। मेरी मांग थी कि मंत्री जी माफी मांगें। सवाल: चुनाव प्रक्रिया में किस तरह के बदलाव की जरूरत है?
जवाब: यह शिक्षक MLC का चुनाव था, मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री चुनने का चुनाव नहीं। इसमें किसी भी दल के मंत्री या विधायक को दबाव नहीं बनाना चाहिए था। शिक्षकों को धमकाना या जबरदस्ती करना गलत है। चुनाव में बूथ कैप्चरिंग नहीं होनी चाहिए। लोकतंत्र में जीत-हार मेहनत और मतदाताओं के निर्णय से तय होनी चाहिए, न कि किसी राजनीतिक दल के प्रभाव से। सवाल: आपने चुनाव के दौरान पश्चिम बंगाल जैसे हालात होने की बात कही थी। इसका क्या मतलब था?
जवाब: मेरा कहना था कि सत्ता बेलगाम हो जाए तो लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित होती है। पहले पश्चिम बंगाल को लेकर इस तरह के आरोप लगाए जाते थे। मुझे लगा कि यहां भी चुनाव के दौरान वैसी ही परिस्थितियां देखने को मिलीं। गनीमत रही कि हत्या या बलात्कार जैसी घटनाएं नहीं हुईं। सवाल: चुनाव के दौरान आपको किस तरह की परेशानी हुई?
जवाब: मेरे कुछ साथियों का कहना था कि निर्दलीय लड़ता तो इतनी गुंडई नहीं होती। मैंने कहा था कि यदि मैं निर्दलीय लड़ता तो शायद आज अस्पताल में होता। मुझे नहीं पता कि मेरी हड्डी टूटती या सिर में चोट लगती, लेकिन संभव है कि मैं यहां नहीं होता। एक अन्य प्रत्याशी के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया और उनकी एप्लीकेशन फाड़ दी गई। सवाल: विरोधी प्रत्याशियों या उनके समर्थकों से कोई नाराजगी है?
जवाब: मुझे सभी शिक्षकों के लिए काम करना है। जिन्होंने मुझे वोट दिया, उनके लिए भी और जिन्होंने दूसरे प्रत्याशियों को वोट दिया, उनके लिए भी। भाजपा के विद्यालयों के काम भी करूंगा। जिन लोगों ने चुनाव के दौरान मुझे परेशान किया, उनके लिए भी काम करने में पीछे नहीं हटूंगा। मेरे मन में किसी के प्रति द्वेष भावना नहीं है। सवाल: शिक्षक MLC के तौर पर आपकी प्राथमिकताएं क्या रहेंगी?
जवाब: शिक्षकों को उनका मानदेय मिले, कैशलेस चिकित्सा की सुविधा मिले और पुरानी पेंशन बहाली जैसे मुद्दों पर काम हो। शिक्षकों के हितों की लड़ाई जारी रखूंगा। अब आकाश अग्रवाल के बारे में जानिए… भाजपा से टिकट नहीं मिला तो सपा से लड़े, रोते हुए वीडियो भी आया सामने डॉ. आकाश अग्रवाल आगरा के रहने वाले हैं। वह शिक्षा जगत से जुड़े हैं। 2020 में पहली बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में शिक्षक MLC चुने गए थे। उन्होंने एटा रहने वाले भाजपा प्रत्याशी डॉ. दिनेश वशिष्ठ को चुनाव हराया था। पिछले चुनाव में निर्दलीय जीते डॉ. आकाश अग्रवाल इस बार भाजपा से टिकट मांग रहे थे, लेकिन पार्टी ने ऐन वक्त पर उनकी जगह इटावा के शिक्षक-कर्मचारी नेता हरिकिशोर तिवारी को उम्मीदवार बना दिया। इसके बाद आकाश सपा में शामिल हो गए और शिक्षक सीट से चुनाव लड़े। चुनाव के दौरान आकाश ने सरकार पर स्कूल प्रबंधकों के जरिए दबाव बनवाने और भाजपा कार्यकर्ताओं पर गुंडई करने के आरोप लगाए। उन्होंने बूथ कैप्चरिंग की शिकायत भी की। इसी दौरान मीडिया के सामने रोते हुए उनका वीडियो सामने आया। आखिरकार आकाश ने भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी को 4,263 मतों से हराकर शिक्षक सीट पर जीत दर्ज की। आगरा खंड में शामिल जिले आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, कासगंज, एटा, हाथरस, कन्नौज, फर्रुखाबाद, औरेया और इटावा। इस बार चुनाव परिणाम जानिए- जानिए किसको कितने वोट मिले… ---------------------------- ये खबर भी पढ़ेंः- आजम खान को जमानत, लेकिन बाहर आना मुश्किल:बेटा जेल से छूटेगा, 2 पैन कार्ड मामले में 10 साल की सजा सस्पेंड सपा नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला की 10 साल की सजा को हाईकोर्ट ने गुरुवार को सस्पेंड कर दिया। दोनों को जमानत भी दे दी। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 2 पैन कार्ड मामले में यह फैसला सुनाया। पढ़ें पूरी खबर….
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)