पूर्व प्रधान प्रवेश हत्याकांड में आज होगी सुनवाई:चुनावी रंजिश में 9 साल पहले गांव के ही लोगों ने की थी हत्या
मेरठ में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के जंगेठी गांव के पूर्व प्रधान प्रवेश कुमार हत्याकांड में आज अदालत में सुनवाई होगी। अपर जिला जज-1 अमित वीर की अदालत में इस मामले की सुनवाई होनी है। दोनों पक्षों की ओर से बहस पहले ही पूरी हो चुकी है। ऐसे में आज होने वाली सुनवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मामले में निर्णय को लेकर दोनों पक्षों की निगाहें अदालत की कार्यवाही पर टिकी हैं। वादी पक्ष के अधिवक्ता मुकेश कुमार मित्तल के अनुसार, पहले इस मुकदमे की सुनवाई अपर जिला जज राकेश कुमार की अदालत में चल रही थी। निर्णय सुनाए जाने से पहले उनका तबादला हो गया था। इसके बाद अपर जिला जज-1 अमित वीर को मामले की सुनवाई का कार्यभार सौंपा गया। बीती 26 तारीख को नए न्यायाधीश की अदालत में सुनवाई हुई थी, जिसके बाद अगली तारीख 30 अक्टूबर निर्धारित की गई थी। 2017 में चुनावी रंजिश में हुई थी हत्या यह मामला 15 मई 2017 का है। जंगेठी गांव निवासी पूर्व प्रधान प्रवेश कुमार और तत्कालीन प्रधानपति अर्जुन कुमार के बीच चुनावी रंजिश चल रही थी। आरोप है कि प्रवेश कुमार ने घर के पास गली में जलभराव की समस्या दूर कराने के लिए प्रधानपति से कहा था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। खेत जाते समय किया था हमला अभियोजन पक्ष के अनुसार, 15 मई 2017 को प्रवेश कुमार बाइक से अपने खेत जा रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे प्रधानपति अर्जुन कुमार ने अपने साथी सुरेश पाल, प्रवीण कुमार और प्रमोद के साथ उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान प्रवेश बाइक समेत गिर गए और जान बचाने के लिए पास के गन्ने के खेत में घुस गए। आरोप है कि चारों हमलावर खेत में पहुंचे और बलकटी से वार कर उनकी हत्या कर दी। पिता ने चार आरोपियों के खिलाफ दर्ज कराया था मुकदमा घटना के बाद प्रवेश कुमार के पिता जैन सिंह ने अर्जुन कुमार, सुरेश पाल, प्रवीण कुमार और प्रमोद के खिलाफ कंकरखेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से अदालत में साक्ष्य और दलीलें पेश की जा चुकी हैं। अब आज होने वाली सुनवाई में अदालत की आगे की कार्यवाही पर सबकी निगाहें रहेंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)