अभिषेक बनर्जी का दावा-रात 2 बजे घर पर हमला हुआ:बोले- लोग हथियार लेकर घुसे, पत्थर भी फेंके, कोलकाता पुलिस देखती रही
कोलकाता में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने भाजपा समर्थकों पर शुक्रवार की देर रात 2 बजे उनके घर पर हमले का आरोप लगाया। उन्होंने X पर वीडियो शेयर कर कहा कि उनके जन्मदिन पर कुछ लोग हथियार लेकर उनके घर में घुसे और पत्थर फेंके। बनर्जी ने इसे जान से मारने की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि हमला कोलकाता पुलिस की निगरानी में हुआ। वह जल्द ही हमले से जुड़े वीडियो अपलोड करेंगे। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अभिषेक अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। इस दौरान भाजपा और TMC समर्थकों के बीच झड़प भी हुई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा बढ़ा दी और बैरिकेडिंग कर अतिरिक्त बल तैनात किया। 2 दिन से घर और दफ्तर की रेकी का भी आरोप लगाया इस घटना से पहले शुक्रवार को अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अपने घर और कार्यालय की निगरानी किए जाने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि पिछले दो दिनों से कुछ अज्ञात लोग मोटरसाइकिल से उनके आवास और कार्यालय की रेकी कर रहे थे। पूछताछ करने पर इन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया था। बनर्जी ने मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर भी साझा किया था। उन्होंने सवाल उठाया था कि एक निर्वाचित सांसद के घर और कार्यालय की निगरानी किसके आदेश पर की जा रही है और इसका मकसद क्या है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कोलकाता पुलिस, केंद्रीय गृह मंत्रालय और पश्चिम बंगाल पुलिस से मामले की जांच कराने की मांग की थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)