रणबीर कपूर 2-3 साल में करेंगे डायरेक्टोरियल डेब्यू:बोले- बतौर एक्टर यह मेरा आखिरी दशक, पहले पूरी करेंगे 'ब्रह्मास्त्र 2', 'एनिमल पार्क' और 'रामायण 2'
बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर जल्द ही कैमरे के पीछे नजर आ सकते हैं। उन्होंने बताया कि वह अगले 2 से 3 साल में अपनी पहली फिल्म डायरेक्ट करना चाहते हैं। इसके लिए कुछ महीने पहले ही स्क्रिप्ट लिखना शुरू कर दिया है। रणबीर ने कहा कि बतौर एक्टर यह उनका आखिरी दशक हो सकता है। इसका मतलब यह नहीं कि वह तुरंत एक्टिंग छोड़ेंगे। वह धीरे-धीरे निर्देशन की तरफ बढ़ना चाहते हैं। फिलहाल उनकी प्राथमिकता आने वाली फिल्मों की शूटिंग पूरी करना है। रणबीर ने ये बातें फिल्म 'रामायण' की को-स्टार साई पल्लवी के साथ बीबीसी एशियन नेटवर्क को दिए इंटरव्यू में कहीं। स्क्रिप्ट लिखना आसान नहीं, राइटर्स के लिए बढ़ी इज्जत रणबीर ने बताया कि उन्होंने कुछ महीने पहले अपनी पहली फिल्म की स्क्रिप्ट लिखना शुरू किया। इस दौरान उन्हें महसूस हुआ कि कहानी लिखना आसान नहीं है। उन्होंने कहा, 'मैंने कुछ महीने पहले ही स्क्रिप्ट लिखना शुरू किया है और यह बहुत मुश्किल काम है। मेरे मन में राइटर्स और क्रिएटर्स के लिए बहुत सम्मान है। मैं सोचता हूं कि आखिर वे कहानियां कैसे बनाते हैं।' रणबीर के मुताबिक, डायरेक्टर को फिल्म बनाने के दौरान खास क्रिएटिव संतुष्टि मिलती है। उसे कहानी कहने और कई लोगों को साथ लाकर पर्दे पर उतारने का मौका मिलता है। खुद की फिल्म में एक्टिंग नहीं करना चाहते रणबीर रणबीर ने साफ किया कि वह अपनी पहली फिल्म डायरेक्ट करते समय एक्टिंग नहीं करना चाहते। उनका पूरा ध्यान निर्देशन पर रहेगा। उन्होंने कहा कि एक्टर और डायरेक्टर की जिम्मेदारियां अलग होती हैं। एक्टर अपना शॉट देने के बाद अगले सीन का इंतजार करता है, जबकि डायरेक्टर कहानी और फिल्म के हर पहलू के बारे में सोचता रहता है। 'लाइफ इज ब्यूटीफुल' जैसी फिल्म बनाना चाहते हैं रणबीर ने बताया कि बतौर डायरेक्टर उनकी पसंद फैमिली ड्रामा और जिंदगी से जुड़ी कहानियां होंगी। हालांकि, उन्होंने अभी कोई खास जॉनर फाइनल नहीं किया है। उन्होंने पसंदीदा फिल्मों में 'लाइफ इज ब्यूटीफुल', 'इट्स अ वंडरफुल लाइफ' और राजकुमार हिरानी की फिल्मों का जिक्र किया। रणबीर ऐसी फिल्म बनाना चाहेंगे जिसे देखकर दर्शकों को अच्छा महसूस हो। उनकी पहली फिल्म ऐसी फैमिली ड्रामा हो सकती है, जो लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ सके। पहले पूरी करेंगे 'ब्रह्मास्त्र 2', 'एनिमल पार्क' और 'रामायण 2' रणबीर ने बताया कि वह साल में करीब 100 से 125 दिन फिल्मों की शूटिंग करते हैं। बाकी समय में वह कहानियां लिखने और नए आइडिया पर काम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह पिछले कुछ समय से लगातार फिल्मों में व्यस्त हैं। पहले मौजूदा फिल्मों की जिम्मेदारियां पूरी करना चाहते हैं। रणबीर ने कहा, 'मुझे लगता है कि बतौर एक्टर यह मेरा आखिरी दशक है। क्या मुझे आगे भी इस तरह के किरदार निभाने को मिलेंगे? मैं अब धीरे-धीरे निर्देशन की तरफ बढ़ना चाहता हूं।' उन्होंने साफ किया कि वह पहले 'ब्रह्मास्त्र 2', 'एनिमल पार्क ' और 'रामायण पार्ट 2' का काम पूरा करना चाहते हैं। इसके बाद अगले 2 से 3 साल में अपनी पहली फिल्म फ्लोर पर लाने की कोशिश करेंगे। पिता ऋषि कपूर को भी फिल्म निर्देशन का अनुभव रणबीर कपूर का परिवार फिल्म निर्माण और निर्देशन से जुड़ा रहा है। उनके पिता ऋषि कपूर ने 1999 में फिल्म 'आ अब लौट चलें' का निर्देशन किया था। इसमें अक्षय खन्ना और ऐश्वर्या राय नजर आए थे। रणबीर ने कम उम्र में अपने पिता के साथ फिल्म निर्माण को करीब से देखा था। उन्होंने संजय लीला भंसाली की फिल्म 'ब्लैक' में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर भी काम किया था। रणबीर ने 2007 में फिल्म 'सांवरिया' से बतौर एक्टर बॉलीवुड में डेब्यू किया था। करीब दो दशक के अभिनय करियर के बाद अब वह निर्देशन की दुनिया में नई पारी शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)