छत्तीसगढ़ के लोकगीतों और संस्कृति से गूंजा संस्कृत विश्वविद्यालय:विद्यार्थियों ने लघु फिल्म, कुलपति बोले- विविधता ही राष्ट्रीय एकता की शक्ति
वाराणसी के सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में रविवार को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित किया गया। योगसाधना केंद्र में हुए कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ पर आधारित लघु फिल्म देखी और वहां के लोकगीतों, भाषणों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए राज्य की पहचान को सामने रखा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता ही राष्ट्रीय एकता की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रत्येक राज्य की भाषा, परंपरा और संस्कृति का सम्मान करना जरूरी है। इस दौरान सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत ‘सतर्क नागरिक, सुरक्षित राष्ट्र’ और ‘श्रेष्ठ एवं समृद्ध भारत’ का संदेश भी दिया गया। लघु फिल्म और लोकगीतों से दिखाई छत्तीसगढ़ की पहचान कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, सामाजिक, भौगोलिक और सांस्कृतिक विशेषताओं पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को राज्य की जनजातीय संस्कृति, लोकजीवन और विकास यात्रा से परिचित कराया गया। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ के लोकगीतों और सांस्कृतिक धुनों पर प्रस्तुतियां दीं। भाषणों और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से वहां की परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को प्रस्तुत किया। हर राज्य की संस्कृति का सम्मान जरूरी कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी सांस्कृतिक विविधता, भाषाओं और समृद्ध परंपराओं में है। प्रत्येक राज्य की भाषा, लोकाचार और सांस्कृतिक भावनाओं का सम्मान करना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का गठन वहां की विशिष्ट जनजातीय संस्कृति, लोककलाओं और परंपराओं को पहचान देने का भी प्रतीक है। विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस समारोह विद्यार्थियों को देश की बहुआयामी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का माध्यम हैं। ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से बनेगा समृद्ध भारत सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं कुलानुशासक प्रो. जितेन्द्र कुमार शाही ने कहा कि देश की समृद्धि केवल आर्थिक विकास से नहीं, बल्कि नागरिकों के नैतिक चरित्र, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से सुनिश्चित होती है। प्रत्येक नागरिक को भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता रखते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही को अपने व्यवहार का हिस्सा बनाना चाहिए। जागरूक नागरिक ही सुरक्षित राष्ट्र की आधारशिला हैं। 15 नवंबर तक होंगे विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस कार्यक्रम विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति के निर्देश पर 31 अक्टूबर से 15 नवंबर तक विभिन्न प्रदेशों के स्थापना दिवस समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस का कार्यक्रम हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)