अखिलेश यादव बोले- भेष बदलकर लूटा जा रहा यूपी:2027 में सरकार बनी तो नए स्कूल खोलेंगे और बच्चों को लैपटॉप देंगे
इटावा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, जिस तरह रावण साधु का भेष बदलकर आया था, उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी कुछ लोग भेष बदलकर दस साल से बैठे हैं। प्रदेश को भेष बदलकर लूटा जा रहा है। दीपावली के अवसर पर रविवार को इटावा के केदारेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान महादेव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। अब पढ़िए अखिलेश ने क्या कहा… स्कूल बंद करने और शराब के ठेके खोलने का आरोप अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में 26 हजार प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए गए हैं, जबकि गांव-गांव में शराब के ठेके खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को इतनी टेंशन दी जा रही है कि वे शराब पीने को मजबूर हों और सरकार शराब विभाग से होने वाली कमाई का दावा कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को उम्मीद थी कि उन्हें समय पर खाद, बीज और सस्ती कीटनाशक दवाएं मिलेंगी, लेकिन सरकार उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को अपने प्रचार के लिए दूसरे प्रदेशों से साधु बुलाने पड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा का स्तर सुधारा जाएगा, नए प्राइमरी स्कूल खोले जाएंगे और बच्चों को लैपटॉप बांटे जाएंगे। लोगों को शराब और गुटखा से होने वाले नुकसान के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। राम मंदिर चंदा चोरी के मामले पर उठाए सवाल अखिलेश यादव ने अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी के मामले को लेकर भी मुख्यमंत्री पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस मामले में दूध का दूध और पानी का पानी करने की बात कही थी, लेकिन अब तक कार्रवाई का क्या हुआ? उन्होंने पूछा कि मामले में कथित सरगना कौन है और जिन लोगों पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप है, वे कहां हैं? एसआईटी गठित होने के बाद भी अब तक क्या कार्रवाई हुई, इसका जवाब मिलना चाहिए। अयोध्या के किसानों को मुआवजा न मिलने का आरोप सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कुछ लोग मुखौटा बदलकर सरकार में बैठे हैं। उन्होंने भगवान श्रीराम के पिता और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई कथित टिप्पणियों पर भी सवाल उठाए। कहा कि मुख्यमंत्री से इस तरह की बातों की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या के लोगों को दुखी और अपमानित किया गया तथा किसानों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा नहीं मिला। प्रदेश में विकास के नाम पर लूट और घोटाले किए गए हैं। आजम खान के साथ न्याय का किया वादा अखिलेश यादव ने आजम खान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनके साथ जितना अन्याय हुआ है, उतना किसी दूसरे के साथ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आजम खान के साथ न्याय किया जाएगा। सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर संविधान की सबसे ज्यादा धज्जियां उड़ाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि दीपावली ऐसा त्योहार है, जिसे भारत ही नहीं, विदेशों में रहने वाले लोग भी उत्साह के साथ मनाते हैं। यह पर्व अंधकार दूर कर प्रकाश फैलाने का संदेश देता है। डिजिटल दौर में त्योहार भी डिजिटल तरीके से मनाए जा रहे हैं। सभी को मिलकर ऐसा देश बनाना चाहिए, जहां खुशहाली और रोशनी हो। ----------------------------- ये भी पढ़ें… रामलला दर्शन पर योगी-अखिलेश में जुबानी जंग:सीएम बोले- आने से पहले माफी मांगे, सपा प्रमुख का जवाब- चढ़ावा चोरी पर बात करें सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जाएंगे। शनिवार को इसकी खबर आते ही सीएम योगी ने अखिलेश को घेर लिया। कहा- रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले अयोध्या जरूर आएं। लेकिन जब वह यहां आएं, तो एक बार माफी मांगकर जाएं। देर रात अखिलेश ने योगी पर पलटवार कर दिया। कहा- अयोध्यावाले मुख्यमंत्री जी से पूछ रहे हैं कि चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरी के मामले में “दूध का दूध, पानी का पानी” कब होगा? होगा भी या नहीं होगा? सीएम योगी और अखिलेश यादव की जुबानी जंग पर देखिए खास VIDEO…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)