अमेरिकी रिपोर्ट- LAC पर सैन्य मौजूदगी बढ़ा रहा चीन:भारत की तरक्की को चुनौती मानता है; ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान का साथ दिया

Nov 21, 2026 - 12:13
0
अमेरिकी रिपोर्ट- LAC पर सैन्य मौजूदगी बढ़ा रहा चीन:भारत की तरक्की को चुनौती मानता है; ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान का साथ दिया
चीन भारत की बढ़ती आर्थिक और सैन्य ताकत को अपने लिए चुनौती मानता है। अमेरिकी कांग्रेस के एक आयोग ने अपनी सालाना रिपोर्ट में यह दावा किया है। रिपोर्ट 18 नवंबर को जारी की गई है। इसके अनुसार मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने पाकिस्तान की मदद की थी। इसके अलावा चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास अपनी सैन्य मौजूदगी भी बढ़ा रहा है। चीन भारत को कई मोर्चों पर कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। इसके लिए भारत की चीन पर निर्भरता का फायदा उठाया जा रहा है। चीन भारत की कंपनियों को जरूरी सामान और तकनीक मिलने में भी रुकावट डाल रहा है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान में मौजूद थे चीनी विशेषज्ञ रिपोर्ट में कहा गया है कि मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष के दौरान चीन ने पाकिस्तान को सैन्य मदद दी थी। चीन खुद संघर्ष में शामिल नहीं हुआ, लेकिन उसने पाकिस्तान की सैन्य ताकत बढ़ाने में मदद की। आयोग ने मई 2026 में चीन के सरकारी टीवी चैनल CCTV पर दिखाए गए एक इंटरव्यू का भी जिक्र किया है। इसमें चीन की विमान बनाने वाली कंपनी AVIC के इंजीनियर झांग हेंग ने बताया था कि संघर्ष के दौरान चीनी विशेषज्ञ पाकिस्तान में मौजूद थे। वे वहां तकनीकी मदद दे रहे थे। रिपोर्ट में भारतीय सैन्य अधिकारियों के उन आरोपों का भी जिक्र है, जिनमें कहा गया था कि पाकिस्तान को चीन से सैटेलाइट तस्वीरें या खुफिया जानकारी मिली हो सकती है। हिंद महासागर में चीन की बढ़ती मौजूदगी भारत के लिए खतरा आयोग ने अरुणाचल प्रदेश पर चीन के दावे और हिंद महासागर में उसकी बढ़ती नौसैनिक मौजूदगी को भी भारत की सुरक्षा के लिए चिंता की बात बताया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2024 में भारत और चीन के बीच सीमा पर तनाव कम करने को लेकर समझौता हुआ था। इसके बावजूद चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास अपनी सेना के लिए नए ठिकाने और दूसरी सुविधाएं बना रहा है। भारत-अमेरिका के रक्षा समझौतों में देरी पर भी सवाल अमेरिकी आयोग ने कहा है कि भारत और अमेरिका के बीच रक्षा और तकनीक से जुड़े समझौतों पर काम धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। इसकी एक वजह अमेरिका के निर्यात से जुड़े नियम और भारत की खरीद से जुड़ी शर्तें हैं। इसका उदाहरण GE एयरोस्पेस और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के बीच लड़ाकू विमानों के इंजन बनाने की योजना है। दोनों देशों ने 2023 में GE F414 इंजन भारत में बनाने पर सहमति जताई थी। लेकिन कीमत और तकनीकी जांच को लेकर बातचीत लंबी खिंच गई। इस वजह से 2026 तक भी इस समझौते को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका था। अमेरिका ने भारत के साथ सहयोग बढ़ाने के सुझाव दिए अमेरिकी आयोग ने अपनी रिपोर्ट में भारत के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए अमेरिकी कांग्रेस को कई सुझाव दिए हैं। दवा बनाने में साझेदारी: भारत और अमेरिका मिलकर दवाएं बनाएं। अमेरिका कई साल तक भारत से दवाएं खरीदने की गारंटी भी दे। चीन की गतिविधियों पर जानकारी साझा करना: चीन की नौसेना कहां और क्या कर रही है, इससे जुड़ी खुफिया जानकारी भारत के साथ नियमित रूप से साझा की जाए। दलाई लामा के उत्तराधिकारी का मुद्दा: इस मामले में अमेरिका भारत के साथ मिलकर काम करे। ये सिर्फ अमेरिकी आयोग के सुझाव हैं। इन्हें अमेरिकी सरकार की मंजूर नीति नहीं माना जा सकता। इन्हें लागू करने का फैसला अमेरिकी कांग्रेस और सरकार को करना होगा। ------------------------- यह खबर भी पढ़ें… ट्रम्प बोले-भारत में ब्याज दरें कम, इसलिए 7% विकास दर: हम भी कम करें तो अमेरिका की ग्रोथ भी 15% तक पहुंच सकती है अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत की 7% GDP ग्रोथ का उदाहरण देकर अपने देश के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व पर निशाना साधा है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User