हैदराबाद के मेटा ऑफिस में तोड़फोड़, मुंबई में भी हंगामा:यूथ कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन; अकाउंट सस्पेंड होने का विरोध

Nov 21, 2026 - 11:39
0
हैदराबाद के मेटा ऑफिस में तोड़फोड़, मुंबई में भी हंगामा:यूथ कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन; अकाउंट सस्पेंड होने का विरोध
हैदराबाद और मुंबई में मेटा के ऑफिसों में यूथ कांग्रेस के नेताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। हैदराबाद में कार्यकर्ता ऑफिस के अंदर घुस गए और नारेबाजी की। मुंबई में प्रदर्शन के दौरान बिल्डिंग के शीशे पर नारा लिखा गया। यूथ कांग्रेस ने अपने नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट पर पाबंदी लगाने के विरोध में ये प्रदर्शन किए।मुंबई पुलिस ने शनिवार को बताया कि उसने यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जीना सबरीन समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। मुंबई में प्रदर्शनकारियों ने IT और सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव का पोस्टर भी जलाया। गुरुग्राम में भी यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। मुंबई मेटा ऑफिस के बाहर RSS से जुड़े नारे लिखे मुंबई पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर को शाम करीब 5:40 बजे 20 से 25 लोग बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स की वर्ल्ड वन बिल्डिंग के बाहर जमा हुए। उन्होंने वहां नारेबाजी की। FIR के मुताबिक, लाल फूलों वाली ड्रेस पहनी एक महिला ने बिल्डिंग के शीशे पर 'RSS का बेटा मेटा' लिखा। बिल्डिंग के शीशे को नुकसान भी पहुंचा है। पुलिस ने मुंबई यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जीना सबरीन, इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पवन मजेठिया, निखिल रुपारेल और जाफर नाम के व्यक्ति को आरोपी बनाया है। इनके अलावा 15 से 20 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37(3) और 135 और महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट, 1995 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया है। हैदराबाद में 20 से 21 प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए वहीं, हैदराबाद के मेटा ऑफिस में तेलंगाना यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्किडी शिवा चरण रेड्डी के नेतृत्व में कार्यकर्ता पहुंचे। उन्होंने हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी की। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कार्यकर्ता ऑफिस के गलियारों और कैफेटेरिया के पास दिखाई दिए। बिल्डिंग के बाहर एक गमला टूटने का वीडियो भी सामने आया। पुलिस ने करीब 20 से 21 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। करीब तीन घंटे बाद उन्हें छोड़ दिया गया। उदय भानु चिब और मनीष शर्मा के अकाउंट पर लगी थी पाबंदी दरअसल, पूरा विवाद यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट पर पाबंदी लगाने के बाद शुरू हुआ। इसके विरोध में यूथ कांग्रेस ने मेटा से दोनों नेताओं के अकाउंट और पोस्ट बहाल करने की मांग की। संगठन ने कंपनी को सात दिन का समय दिया था। उसने चेतावनी दी थी कि तय समय में अकाउंट बहाल नहीं हुए तो देशभर में मेटा के ऑफिसों के बाहर प्रदर्शन किए जाएंगे। BJP बोली- कांग्रेस गुंडों की पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने शनिवार को X पर एक वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद में मेटा के ऑफिस में तोड़फोड़ की और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया। भंडारी ने दिल्ली में हुए इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में घुसकर बिना शर्ट के प्रदर्शन किया और भारत का अपमान किया। उन्होंने कांग्रेस को 'गुंडों की पार्टी' बताया। भंडारी ने कहा कि निजी कंपनियों के ऑफिस में तोड़फोड़ करना कांग्रेस का मॉडल है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस के शासन में भारत 'फ्रेजाइल फाइव' अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था। KTR बोले- हैदराबाद की कारोबारी छवि को नुकसान पहुंचा BRS के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामाराव (KTR) ने भी हैदराबाद में हुए प्रदर्शन की आलोचना की। उन्होंने X पर लिखा कि हैदराबाद ने कई दशकों की मेहनत और कारोबारी नीतियों से बड़े बिजनेस हब के रूप में पहचान बनाई है। इस शहर से देशभर के लाखों परिवारों को रोजगार मिलता है। KTR ने कहा कि मेटा का भारत में सबसे बड़ा कैंपस हैदराबाद में है। कंपनी ने इस शहर को इसलिए चुना था, क्योंकि उसे यहां सुरक्षित कामकाजी माहौल देने का भरोसा मिला था। उन्होंने कांग्रेस सरकार से सवाल किया कि तेलंगाना में तीन साल के शासन के दौरान क्या वह मेटा जैसी कोई बड़ी वैश्विक कंपनी हैदराबाद लेकर आई? राहुल गांधी को संबोधित करते हुए उन्होंने पूछा कि क्या भारत में कंपनियां लाने का यही तरीका है? KTR ने कहा, 'कल की घटना में सिर्फ शीशे नहीं टूटे, बल्कि ब्रांड हैदराबाद का भरोसा भी टूटा है।'

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User